Sonam Wangchuk : डॉक्टरों ने जारी किया हेल्थ बुलेटिन, बोले- ब्लड शुगर और पल्स रेट सामान्य
दिल्ली। जंतर-मंतर पर पिछले 19 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का वजन नौ किलोग्राम से अधिक कम हो गया है। गुरुवार को उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रहे डॉक्टरों ने ताजा स्वास्थ्य बुलेटिन जारी कर यह जानकारी दी।
स्वास्थ्य जांच में सामने आए आंकड़े
वांगचुक की सेहत पर नजर रख रहे वरिष्ठ जनरल फिजिशियन डॉ. सतीश लांबा ने बताया कि भूख हड़ताल शुरू करने के बाद से उनका वजन 9 किलोग्राम से ज्यादा घट चुका है। हालांकि, डॉक्टर के मुताबिक लंबे समय से उपवास के बावजूद उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है। स्वास्थ्य जांच के दौरान वांगचुक के रक्त में शर्करा का स्तर 80 मिलीग्राम प्रति डेसीलीटर दर्ज किया गया, जबकि उनकी पल्स रेट 72 बीट प्रति मिनट रही।
ब्लड प्रेशर भी निगरानी में
डॉक्टरों के अनुसार, लेटे हुए वांगचुक का रक्तचाप 105/61 एमएमएचजी और बैठे हुए 101/65 एमएमएचजी रिकॉर्ड किया गया। डॉक्टर ने बताया कि उनके शरीर में पानी का स्तर ठीक है और वह मानसिक रूप से भी पूरी तरह सक्रिय हैं।
नीट कथित गड़बड़ी के विरोध में जारी है अनशन
जानकारी के अनुसार, सोनम वांगचुक 28 जून से जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन में शामिल हुए थे। यह प्रदर्शन राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में कथित अनियमितताओं के विरोध में शुरू किया गया था, जिसके बाद उन्होंने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी।
कॉजपा का प्रदर्शन 27वें दिन में पहुंचा
'कॉकरोच जनता पार्टी' (कॉजपा) ने छह जून को दिल्ली में अपना पहला प्रदर्शन शुरू किया था। बाद में 20 जून को यह प्रदर्शन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरने में बदल गया। गुरुवार को कॉजपा के विरोध प्रदर्शन का 27वां दिन रहा। वहीं, सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल जारी है और डॉक्टर लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
