Bareilly News : पुराने पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते ने ली तलाशी

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

प्रियदर्शनी नगर स्थित पुराने पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी

यूपी के बरेली स्थित पुराने पासपोर्ट कार्यालय को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने परिसर की सघन चेकिंग की।

बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में बृहस्पतिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शहर के प्रियदर्शनी नगर स्थित पुराने पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह सनसनीखेज धमकी पासपोर्ट कार्यालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक मेल के जरिये दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

चप्पे-चप्पे की हुई सघन चेकिंग
धमकी भरे ईमेल की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम आनन-फानन में मौके पर पहुंच गई। एहतियात के तौर पर पुलिस ने तुरंत डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Squad) को भी मौके पर बुला लिया। सुरक्षा टीमों ने पूरे पासपोर्ट कार्यालय परिसर को अपने घेरे में ले लिया और कार्यालय की छत से लेकर हर एक कमरे व चप्पे-चप्पे की गहन तलाशी का अभियान चलाया।

नहीं मिली कोई संदिग्ध वस्तु
पुलिस और बम निरोधक दस्ते द्वारा चलाए गए इस सघन चेकिंग अभियान में गनीमत यह रही कि परिसर के अंदर या बाहर कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। जांच पूरी होने के बाद पुलिस और कार्यालय के कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। हालांकि, सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस अलर्ट मोड पर है। फिलहाल साइबर सेल की मदद से उस ईमेल आईडी को ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है, जिसके जरिए यह धमकी भरा संदेश भेजा गया था, ताकि शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

संबंधित समाचार