Barabanki News : उर्वरक केंद्रों पर कृषि विभाग की छापेमारी, तीन खाद दुकानों के लाइसेंस निलंबित
बाराबंकी, अमृत विचार। जिला कृषि अधिकारी राजित राम ने गुरुवार को विकासखंड निंदूरा के बड्डूपुर, भवानीपुर, भगौली तीर्थ और गंगचैली क्षेत्र के 12 उर्वरक बिक्री केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान मेसर्स एच.आर. फर्टिलाइजर्स (भवानीपुर), शिव खाद भंडार (बड्डूपुर) और सिंह खाद भंडार (भगौली तीर्थ) बंद मिलने पर उनके उर्वरक विक्रय प्राधिकार-पत्र निलंबित कर दिए गए।
निरीक्षण के दौरान कुर्सी-महमूदाबाद रोड पर एक ऑटो में लदी 10 बोरी यूरिया की भी जांच की गई। किसान रजनीश कुमार निवासी टिकरा (बड्डूपुर) ने बताया कि उन्होंने अपने सहित रेखा कुमारी और राम प्रताप के नाम पर फार्मर रजिस्ट्री के अनुसार कुल 10 बोरी यूरिया खरीदी है, जिसके बाद जांच में मामला सही पाया गया।
जिला कृषि अधिकारी ने सभी उर्वरक विक्रेताओं को बिना टैगिंग के निर्धारित मूल्य पर पीओएस मशीन से उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि अधिक कीमत वसूलने या टैगिंग की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
