सीएम योगी की बड़ी सौगात, PRD जवानों को मिलेगा 600 रुपये दैनिक भत्ता, सपरिवार मुफ्त इलाज
गोरखपुर में पीआरडी जवानों के सम्मेलन में 3000 रुपये वर्दी भत्ता करेंगे ट्रांसफर, कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी बांटें
लखनऊ/गोरखपुर, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर में आयोजित प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) स्वयंसेवकों के सम्मेलन में जवानों को बड़ी सौगात देते हुए दैनिक ड्यूटी भत्ता 100 रुपये बढ़ाकर 600 रुपये करने की घोषणा की। इसके साथ ही प्रदेश के 31 हजार से अधिक पीआरडी स्वयंसेवकों और उनके परिवारों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक मुफ्त कैशलेस इलाज की सुविधा देने वाली ‘मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना’ का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड भी वितरित किए।
https://twitter.com/myogiadityanath/status/2089590061558042696?s=20
योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित सम्मेलन में सीएम योगी ने रिमोट का बटन दबाकर लखनऊ में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि पीआरडी स्वयंसेवक कानून-व्यवस्था, यातायात संचालन, आपदा, चुनाव ड्यूटी और बड़े आयोजनों में पुलिस-प्रशासन के सहयोग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सरकार उनके योगदान, समर्पण और सेवाभाव का सम्मान करते हुए उनके कल्याण के लिए लगातार कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2019 तक पीआरडी स्वयंसेवकों को 250 रुपये दैनिक ड्यूटी भत्ता मिलता था। 2019 में इसे बढ़ाकर 375 रुपये, 2022 में 395 रुपये और 2025 में 500 रुपये किया गया। अब चौथी बार वृद्धि करते हुए इसे 600 रुपये प्रतिदिन किया जा रहा है। सीएम ने कहा कि 75 वर्षों में जो भत्ता 250 रुपये तक पहुंचा था, वह पिछले आठ वर्षों में 600 रुपये होने जा रहा है।
‘मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना’ के तहत 31 हजार से अधिक स्वयंसेवकों को सरकारी और सरकार से इम्पैनल्ड अस्पतालों में प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज मिलेगा। मुख्यमंत्री ने दस स्वयंसेवकों को अपने हाथों से कैशलेस कार्ड भी प्रदान किए। पीआरडी विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि 2017 से पहले पीआरडी का बजट महज 23 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 543 करोड़ रुपये हो गया है।
395 से बढ़ाकर 500 रुपये हुआ ड्यूटी भत्ता
पीआरडी जवानों को सरकार ने पहले ही बड़ी राहत दी है। योगी सरकार ने उनका ड्यूटी भत्ता 395 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिदिन कर दिया है। इससे प्रदेशभर में ड्यूटी करने वाले पीआरडी स्वयंसेवकों को आर्थिक लाभ मिलेगा।
‘सैफई सिंडिकेट’ पर सीएम योगी का हमला
मुख्यमंत्री योगी ने सम्मेलन में पूर्व की सरकारों पर तीखा हमला बोला। बिना नाम लिए सपा सरकार को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश का विकास ‘सैफई सिंडिकेट’ तक सीमित था। उनका आरोप था कि पूर्व की सरकारों के एजेंडे में स्वयं का विकास था और प्रदेश को दंगा, गुंडागर्दी, लूटपाट और माफिया के हवाले कर दिया गया था। सीएम ने कहा कि जिन लोगों ने सरकारी धन की लूट कर पैसा विदेशों में छिपाया, उन्हें आज प्रदेश की प्रगति देखकर परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में दंगे, कर्फ्यू, माफिया और अव्यवस्था पहचान बन गए थे।
‘देश प्रथम’ की भावना से कर्तव्य निभाएं PRD स्वयंसेवक
मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों से कहा कि उनका पहला ध्येय ‘देश प्रथम’ होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत की सुरक्षा, एकता और अखंडता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। जाति, क्षेत्र, भाषा या अन्य आधार पर समाज को बांटने की कोशिश करने वालों से सतर्क रहने की जरूरत है।
प्रदेश में 31 हजार से अधिक पीआरडी जवान पंजीकृत
प्रदेश में वर्तमान में 31,130 पीआरडी जवान पंजीकृत हैं। इनमें करीब 2,500 महिलाएं शामिल हैं। 29 हजार से अधिक पीआरडी स्वयंसेवक वर्तमान में सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। पीआरडी जवान पुलिस के सहयोग से कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यातायात नियंत्रण के साथ सरकारी कार्यालयों, धार्मिक स्थलों और बड़े आयोजनों में भी उनकी ड्यूटी लगाई जाती है।
जवानों के परिवारों को भी मिलेगा योजना का लाभ
‘मुख्यमंत्री पीआरडी परिवार कल्याण योजना’ के जरिए जवानों और उनके परिवारों को कल्याणकारी सुविधाओं से जोड़ने की तैयारी है। वहीं कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड से उपचार के दौरान आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को पीआरडी स्वयंसेवकों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसमें आर्थिक लाभ के साथ स्वास्थ्य सुविधा और आवासीय व्यवस्था से जुड़ी योजनाओं की भी शुरुआत होगी।
