Kanpur News : PRD जवानों को योगी सरकार का बड़ा तोहफा, मानदेय 500 से बढ़कर 600 रुपये, 5 लाख तक कैशलेस इलाज
कानपुर में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हुआ पीआरडी सम्मेलन का सीधा प्रसारण
योगी सरकार ने पीआरडी जवानों के मानदेय में बढ़ोतरी कर इसे 500 से 600 रुपये कर दिया है। जवानों और उनके परिजनों को सालाना प्रति व्यक्ति पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। लखनऊ के सरोजिनी नगर में 23 करोड़ रुपये से पीआरडी बैरक भी बनेगा।
कानपुर, अमृत विचार। प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के लिए योगी सरकार ने कई अहम घोषणाएं की हैं। मंगलवार को गोरखपुर के बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह, रामगढ़ताल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में पीआरडी जवानों का सम्मेलन आयोजित किया गया। इसका वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कानपुर के विकास भवन में सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार मौजूद रहीं। उन्होंने पीआरडी स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए मानदेय बढ़ाए जाने पर बधाई दी।
500 से बढ़कर 600 रुपये हुआ मानदेय
विधायक नीलिमा कटियार ने कहा कि सरकार ने पीआरडी जवानों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। पीआरडी स्वयंसेवकों का मानदेय 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास जवानों को बेहतर सुविधाएं और सम्मान देने का है।
5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा
कार्यक्रम के दौरान पीआरडी जवानों के लिए एक और बड़ी सुविधा की घोषणा की गई। पीआरडी जवानों और उनके परिजनों को एक वर्ष में प्रति व्यक्ति पांच लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार की सुविधा से जोड़ा जाएगा। इससे जवानों और उनके परिवारों को इलाज के खर्च की चिंता से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
23 करोड़ से बनेगा पीआरडी बैरक
इसके अलावा सरोजिनी नगर, लखनऊ में 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पीआरडी बैरक का शिलान्यास भी किया गया। इससे पीआरडी जवानों के लिए बेहतर आवासीय और अन्य सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।
बड़ी संख्या में पीआरडी स्वयंसेवक रहे मौजूद
कानपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, जिला विकास अधिकारी आत्म प्रकाश रस्तोगी, व्यायाम प्रशिक्षक धीरेन्द्र सिंह यादव, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी दीपक सिंह समेत अमित कुमार, प्रदीप कुमार और स्मृति सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पीआरडी स्वयंसेवकों ने भी भाग लिया।
यह भी पढ़ेंः आरोपी की पहचान ऑनलाइन उजागर करने पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, केंद्र-राज्यों और Meta-X को नोटिस
