Shahjahanpur News: राज्य हज इंस्पेक्टर की तैनाती के लिए आवेदन शुरू, 27 अगस्त तक ऑनलाइन भरें फॉर्म
हज 2027 के लिए राज्य हज इंस्पेक्टर की तैनाती को लेकर हज कमेटी ऑफ इंडिया ने आवेदन मांगे हैं। केंद्र और राज्य सरकार के स्थायी कर्मचारी 27 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयन के लिए 6 सितंबर को कंप्यूटर आधारित परीक्षा होगी।
शाहजहांपुर, अमृत विचार। हज 2027 के दौरान हज यात्रियों की सुविधा और सहयोग के लिए राज्य हज इंस्पेक्टर की तैनाती की जाएगी। इसके लिए हज कमेटी ऑफ इंडिया ने केंद्र और राज्य सरकार के स्थायी कर्मचारियों से ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 27 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
कौन कर सकता है आवेदन?
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के मुताबिक, हज कमेटी ऑफ इंडिया के निर्देश पर राज्य हज इंस्पेक्टर की तैनाती के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इसके लिए स्नातक पास मुस्लिम पुरुष और महिलाएं, जो केंद्र या राज्य सरकार के स्थायी कर्मचारी हैं, आवेदन कर सकते हैं। आवेदक की उम्र 50 वर्ष से कम होनी चाहिए और उन्हें हज या उमरा का अनुभव होना जरूरी है।
135 हज यात्रियों पर एक इंस्पेक्टर
हज यात्रियों की सुविधा और मार्गदर्शन के लिए प्रत्येक 135 यात्रियों के ग्रुप पर एक राज्य हज इंस्पेक्टर की तैनाती की जाएगी। इंस्पेक्टर का मुख्य कार्य यात्रियों को हज यात्रा के दौरान जरूरी सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना होगा।
6 सितंबर को होगी कंप्यूटर आधारित परीक्षा
चयन प्रक्रिया के तहत 6 सितंबर 2026 को कंप्यूटर बेस्ड परीक्षा (CBT) आयोजित की जाएगी। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 8 सितंबर से 16 सितंबर के बीच होगा। चयनित राज्य हज इंस्पेक्टरों को हज यात्रा से पहले प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसके लिए अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में मुंबई में दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।
हज यात्रियों की मदद के लिए भेजे जाते हैं कर्मचारी
हज कमेटी ऑफ इंडिया हर वर्ष मक्का और मदीना जाने वाले भारतीय हज यात्रियों की सुविधा के लिए केंद्र और राज्य सरकार के कर्मचारियों को खादिमुल हुज्जाज के रूप में सरकारी खर्च पर भेजती है। इन कर्मचारियों की जिम्मेदारी हज यात्रियों का मार्गदर्शन और उनकी सहायता करना होता है। अब हज कमेटी ने खादिमुल हुज्जाज को राज्य हज इंस्पेक्टर का दर्जा दिया है। इच्छुक पात्र कर्मचारी 27 अगस्त तक निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
