Hardoi News : मल्लावां के बांसा गांव में चोरों का धावा, सेवानिवृत्त शिक्षकों समेत तीन घरों से लाखों की चोरी

Amrit Vichar Network
On

हरदोई के मल्लावां क्षेत्र के बांसा गांव में एक ही रात में अज्ञात चोरों ने तीन घरों में धावा बोलकर आभूषण और नकदी चोरी कर ली। इनमें दो सेवानिवृत्त शिक्षकों के घर भी शामिल हैं। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

मल्लावां/हरदोई, अमृत विचार। मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के बांसा गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पार कर दी। चोरों ने बारी-बारी से तीनों घरों में घुसकर अलमारी और बक्सों के ताले तोड़े और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। एक ही रात में तीन घरों में चोरी की घटना से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की।

सेवानिवृत्त शिक्षक के घर से आभूषण और 20 हजार रुपये चोरी

बांसा निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक ओम प्रकाश आंखों का इलाज कराने के लिए कानपुर गए थे। घर पर उनकी पत्नी अकेली थीं। बताया जा रहा है कि चोर रात करीब दो बजे छत के जीने से घर में दाखिल हुए और कमरों में रखी अलमारी व बक्सों के ताले तोड़ दिए। चोर यहां से एक मंगलसूत्र, पांच अंगूठियां, तीन चेन, छह जोड़ी पायल, बच्चों की पांच जोड़ी पायल और 20 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।

दीवार फांदकर दूसरे घर में घुसे चोर

चोरों ने गांव निवासी हेमराज पुत्र सरजू के घर को भी निशाना बनाया। आरोप है कि चोर घर के पीछे की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद बक्से और संदूक के ताले तोड़कर आभूषण चोरी कर लिए। परिजनों के मुताबिक चोर यहां से एक जोड़ी पायल, कमर बिछुआ, मंगलसूत्र, कान की झुमकी, मांग बेदी, अंगूठी और चांदी की चेन ले गए।

सेवानिवृत्त शिक्षक सरजू मास्टर के घर भी चोरी

तीसरी वारदात सेवानिवृत्त शिक्षक सरजू मास्टर के घर हुई। चोर दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए और वहां से चांदी की पेटी, एक जोड़ी पायल, झाला, तीन अंगूठियां, गडुआ और 11 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। एक साथ तीन घरों में चोरी की घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों में रोष है। लोगों ने पुलिस से रात की गश्त बढ़ाने और चोरों का जल्द पता लगाने की मांग की है।

2

पुलिस ने शुरू की जांच, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से चोरों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है। हालांकि, हल्का इंचार्ज संतोष पासवान ने बताया कि फिलहाल एक घर में चोरी की पुष्टि हुई है, जबकि अन्य घटनाओं के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

24 घंटे में चार घरों में चोरी से पुलिस गश्त पर सवाल

मल्लावां क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाओं से पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठ रहे हैं। रविवार को कस्बे के बीएन इंटर कॉलेज के सामने गली में मनोज कुमार के घर में भी चोरी की घटना हुई थी। इसके बाद बांसा गांव में एक ही रात में तीन घरों को चोरों ने निशाना बना लिया।

ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले बाजारों में मोबाइल चोरी की घटनाएं भी सामने आती रही हैं। अब घरों में लगातार चोरी होने से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। ग्रामीणों ने पुलिस से प्रभावी गश्त और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।

संबंधित समाचार