Rampur News : हरिद्वार जल लेने गया युवक गंगा नदी में डूबा, 8 घंटे की मशक्कत के बाद मिला शव
8 घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने निकाला शव , - कांवड़ियों के जत्थे के साथ 3 दिन पहले गया था हरिद्वार
रामपुर के अजीमनगर का रहने वाला 22 वर्षीय कांवड़िया जयवीर हरिद्वार में गंगा नदी में डूब गया। गोताखोरों ने 8 घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव बाहर निकाला।
रामपुर, अमृत विचार। कांवड़ियों के जत्थे के साथ 3 दिन पहले हरिद्वार से गंगाजल लेने गए युवक की गंगा नदी में डूबकर मौत हो गई। 8 घंटे की मेहनत के बाद गोताखोरां ने युवक का शव बाहर निकाला और युवक के परिजनों को सूचना दी। युवक की मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। इसके बाद परिजन युवक का शव लेने के लिए हरिद्वार के लिए रवाना हो गए। हरिद्वार पुलिस ने मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
थाना अजीमनगर के ग्राम हरदासपुर कोठरा निवासी प्रेम सिंह का 22 वर्षीय पुत्र जयवीर सैनी कांवड़ियों के जत्थे के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेने के लिए तीन दिन पहले गया था। सोमवार सुबह कांवड़ियों का जत्था हरिद्वार पहुंच गया और गंगाजल लाने की तैयारी करने लगा। सोमवार की सुबह करीब 10 बजे जयवीर सैनी गंगा में स्नान करने लगा। गंगा नदी का बहाव तेज होने के कारण जयवीर गंगा की धार में बह गया। गंगा किनारे खड़े उसके साथियों ने जयवीर को गंगा की धार के साथ बहते देखा तब उनके होश उड़ गए। उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया शोर सुनकर गोताखोर मौके पर पहुंच गए और पानी में जयवीर की तलाश शुरू कर दी। लेकिन दो-चार घंटे में भी जयवीर का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद गोताखोरों की टीम एक बार फिर पानी में उतरी और करीब 8 घंटे की मशक्कत के बाद जयवीर का शव बरामद कर लिया। जयवीर का शव देखकर उसके साथी बिलखने लगे और जयवीर के परिजनों को फोन किया। मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन हरिद्वार पहुंच गए और हरिद्वार पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
ये भी पढ़ें - CM Dashboard Ranking: रामपुर फिर बना यूपी का नंबर-1 जिला, 9.58 अंक के साथ हासिल की पहली रैंक
