CM Dashboard Ranking: रामपुर फिर बना यूपी का नंबर-1 जिला, 9.58 अंक के साथ हासिल की पहली रैंक

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

जनशिकायतों के निस्तारण से लेकर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तक शानदार प्रदर्शन, शाहजहांपुर दूसरे और बरेली तीसरे स्थान पर

लखनऊ, अमृत विचार: मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की जुलाई माह की रैंकिंग में रामपुर ने एक बार फिर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। जिले को 10 में से 9.58 अंक मिले हैं। शाहजहांपुर 9.43 अंक के साथ दूसरे और बरेली 9.40 अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहा। रैंकिंग में जनशिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, फीडबैक और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन समेत कई मानकों पर जिलों के प्रदर्शन का आकलन किया गया।

रामपुर के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि जुलाई में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से जिले की 59 योजनाओं की निगरानी की गई, जिनमें 56 कार्यक्रमों में जिले को ए ग्रेड मिला। वैकल्पिक ऊर्जा, ऊर्जा, कृषि, समाज कल्याण, पंचायती राज, लोक निर्माण, ग्राम्य विकास, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पशुपालन, बेसिक व माध्यमिक शिक्षा समेत कई विभागों में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किए गए। रामपुर पिछले कई महीनों से टॉप-10 जिलों में बना हुआ है।

शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर

शाहजहांपुर के जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के साथ सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से मिलने वाली शिकायतों का भी त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। जिले को 9.43 अंक मिले हैं। वहीं बरेली ने 9.40 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

अंबेडकरनगर चौथे, मैनपुरी पांचवें स्थान पर

जुलाई की रैंकिंग में अंबेडकरनगर 9.34 अंक के साथ चौथे और मैनपुरी 9.30 अंक लेकर पांचवें स्थान पर रहा। आजमगढ़ को 9.27 अंक के साथ छठा, महाराजगंज को 9.25 अंक के साथ सातवां स्थान मिला। बुलंदशहर और बागपत 9.23-9.23 अंक के साथ संयुक्त रूप से आठवें स्थान पर रहे। लखीमपुर खीरी ने 9.20 अंक हासिल कर नौवां स्थान प्राप्त किया, जबकि सुल्तानपुर और सोनभद्र 9.18-9.18 अंक के साथ संयुक्त रूप से दसवें स्थान पर रहे।

यह भी पढ़ेंः UP Health Transfer: यूपी में 8 चिकित्साधिकारियों के तबादले, वाराणसी से अयोध्या और लखनऊ तक बदले CMS

संबंधित समाचार