Auraiya News : गांव की गलियों में शुरू हुआ डांस का सफर, अब ‘इंडिया टैलेंट फाइट’ के मंच पर छाईं औरैया की छवि

Amrit Vichar Network
On

Auraiya News: A dance journey that began in village lanes now sees Auraiya shining on the ‘India Talent Fight’ stage.

औरैया के चिंता नगला गांव की छवि ने सोशल मीडिया पर डांस रील से शुरुआत कर इंडिया टैलेंट फाइट के मंच तक जगह बनाई है। रुड़की में हुए ऑडिशन में उन्होंने दो गानों पर डांस किया और निर्णायक से 9 अंक हासिल कर अगले चरण के लिए चयनित हुईं। अब 25 सितंबर को उनका अगला ऑडिशन होगा।

औरैया, अमृत विचार। अछल्दा ब्लॉक के पिछड़े गांव चिंता नगला की बेटी छवि ने अपने डांस के हुनर से क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सोशल मीडिया पर डांस की रील बनाकर अपने हुनर को निखारने वाली छवि अब इंडिया टैलेंट फाइट के मंच तक पहुंच गई हैं। रुड़की में आयोजित मेगा शो के ऑडिशन में शानदार प्रदर्शन के बाद उनका अगले चरण के लिए चयन हुआ है। अब उनका अगला ऑडिशन 25 सितंबर को होगा।

सोशल मीडिया की रील से इंडिया टैलेंट फाइट तक पहुंची छवि

छवि ने सोशल मीडिया पर ‘छवि डांसर’ नाम से अकाउंट बनाकर डांस की रील बनाना शुरू किया था। लगातार अभ्यास और अपने हुनर को निखारने की कोशिश के बीच उनके डांस वीडियो इंडिया टैलेंट फाइट से जुड़े लोगों तक पहुंचे। इसके बाद छवि को व्हाट्सएप के जरिए ऑडिशन में शामिल होने का संदेश मिला। अपने भाई रिशु के साथ वह उत्तराखंड के रुड़की पहुंचीं और मेगा शो के ऑडिशन में प्रतिभाग किया।

1

दो गानों पर डांस कर दिखाया हुनर, मिले 9 अंक

रुड़की में हुए ऑडिशन के दौरान छवि ने दो गानों पर डांस प्रस्तुत किया। उनके प्रदर्शन को निर्णायक मंडल ने सराहा। निर्णायक अमायरा मैम ने छवि को 10 में से नौ अंक दिए। शानदार प्रदर्शन के बाद छवि का अगले चरण के लिए चयन कर लिया गया। अब 25 सितंबर को होने वाले अगले ऑडिशन में वह अपने डांस का हुनर दिखाएंगी।

गांव की बेटी की सफलता से परिवार में खुशी

छवि की इस उपलब्धि से उनके परिवार के साथ ही पूरे गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि छवि ने साबित किया है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती। सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और लगन के दम पर गांव से निकलकर बड़े मंच तक पहुंचा जा सकता है। परिवार भी छवि के सपने को पूरा करने में उसका पूरा सहयोग कर रहा है। छवि का सपना डांस के क्षेत्र में आगे बढ़कर अपनी अलग पहचान बनाना है।

25 सितंबर के ऑडिशन पर टिकी नजरें

इंडिया टैलेंट फाइट के अगले चरण के लिए चयनित होने के बाद अब छवि और उनके परिवार की निगाहें 25 सितंबर के ऑडिशन पर टिकी हैं। छवि को उम्मीद है कि वह अपने प्रदर्शन के दम पर प्रतियोगिता में आगे बढ़ेंगी और डांस के क्षेत्र में नई पहचान बनाएंगी। चिंता नगला की छवि की कहानी उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा बन रही है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने हुनर को मंच देने का सपना देखते हैं।

यह भी पढ़ेंः Edible Oil Price: सोयाबीन-पामोलीन के दाम टूटे, सरसों-बिनौला मजबूत; जानिए सप्ताहभर में किस तेल का कितना बदला भाव

संबंधित समाचार