अतीक अहमद के कुनबे में अब कौन-कौन? पांच बेटों में दो की मौत, पत्नी शाइस्ता परवीन अब भी फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

नई दिल्ली/प्रयागराज: माफिया डॉन और पूर्व सांसद अतीक अहमद के परिवार से जुड़ी एक और बड़ी खबर सामने आई है। अतीक अहमद के सबसे छोटे और पांचवें बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अबान झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मुलाकात के बाद कार से प्रयागराज लौट रहा था। इसी दौरान कार डिवाइडर से टकरा गई और हादसे में उसकी जान चली गई।

अबान की मौत के बाद अतीक अहमद के परिवार और उसके कुनबे को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। अतीक के पांच बेटों में अब दो की मौत हो चुकी है, जबकि दो जेल में बंद हैं और एक बेटा बाहर है। वहीं, अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन लंबे समय से फरार बताई जा रही हैं।

अतीक अहमद के पांच बेटे कौन-कौन?

अतीक अहमद के कुल पांच बेटे थे। इनमें सबसे बड़े बेटे उमर अहमद हैं, जो लखनऊ जेल में बंद हैं। दूसरे बेटे अली अहमद झांसी जेल में बंद हैं।

तीसरे बेटे असद अहमद की अप्रैल 2023 में झांसी में पुलिस मुठभेड़ के दौरान मौत हो गई थी। चौथे बेटे अहजम अहमद के बारे में बताया गया है कि वह फिलहाल बाहर है।

अतीक के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत हो गई है। इस तरह अतीक के पांच बेटों में दो की मौत हो चुकी है।

अतीक अहमद के बेटों की स्थिति

-उमर अहमद: लखनऊ जेल में बंद
-अली अहमद: झांसी जेल में बंद
-असद अहमद: अप्रैल 2023 में झांसी में पुलिस एनकाउंटर में मौत
-अहजम अहमद: बाहर
-अबान अहमद: सड़क हादसे में मौत

पत्नी शाइस्ता परवीन भी फरार

अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन भी फरार बताई जा रही हैं। उनके साथ अतीक के भाई अशरफ की पत्नी जैनब फातिमा, शाइस्ता की बहन आयशा नूरी और कथित गुर्गे गुड्डू मुस्लिम, मोहम्मद अरमान और मोहम्मद साबिर के भी फरार होने की बात सामने आती रही है।

15 अप्रैल 2023 को हुई थी अतीक-अशरफ की हत्या

अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ अहमद की 15 अप्रैल 2023 को प्रयागराज में पुलिस हिरासत के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस समय दोनों को मेडिकल जांच के लिए ले जाया जा रहा था।

मोतीलाल नेहरू अस्पताल परिसर में मीडियाकर्मियों का भेष बनाकर पहुंचे तीन हमलावरों ने दोनों पर बेहद करीब से गोलियां चलाई थीं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।

हत्याकांड में तीन हमलावर गिरफ्तार

अतीक और अशरफ हत्याकांड की जांच के लिए गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने गिरफ्तार किए गए तीनों हमलावरों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था। पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने अंडरवर्ल्ड में अपना नाम और दबदबा बनाने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया था।

हालांकि, इस चर्चित हत्याकांड से जुड़े कई सवालों को लेकर अब भी चर्चा होती रही है। अतीक अहमद के परिवार से जुड़ी घटनाओं के बीच अब सबसे छोटे बेटे अबान की सड़क हादसे में मौत ने एक बार फिर इस परिवार को सुर्खियों में ला दिया है।

यह भी पढ़ेंः झांसी : सड़क हादसे में अतीक अहमद के बेटे आबान की मौत, एक अन्य युवक ने भी गंवाई जान; तीन घायल

संबंधित समाचार