सावन में कम गरजेंगे-बरसेंगे बदरा : यूपी में अगस्त में भी सामान्य से कम बारिश के आसार, जानिए IMD का पूर्वानुमान

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

उत्तर प्रदेश में अगस्त और मानसून के शेष सीजन में सामान्य से कम बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने अल-नीनो के प्रभाव का हवाला देते हुए अधिकांश जिलों में कम वर्षा का अनुमान जताया है, जबकि पूर्वी यूपी में अगले सप्ताह भारी बारिश की संभावना है

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून के पहले दो महीनों (जून-जुलाई) के दौरान अपेक्षा से कम बारिश होने के बाद अब अगस्त और मानसून के शेष सीजन को लेकर मौसम विभाग ने बड़ा पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग का कहना है कि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगस्त में भी सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है, जबकि दक्षिण-पूर्वी जिलों में कुछ स्थानों पर सामान्य या उससे अधिक वर्षा हो सकती है।

50 जिलों में सामान्य से कम बारिश

मौसम विभाग के अनुसार जून और जुलाई के दौरान प्रदेश के 50 जिलों में सामान्य से कम या अत्यंत कम वर्षा दर्ज की गई। इसके चलते अब तक उत्तर प्रदेश में कुल मानसूनी बारिश सामान्य से करीब 27 प्रतिशत कम रही है।

अल-नीनो का असर, बारिश पर पड़ेगा प्रभाव

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में सक्रिय मध्यम अल-नीनो के आने वाले सप्ताहों में और मजबूत होने की संभावना है। वहीं हिन्द महासागर में तटस्थ हिन्द महासागरीय द्विध्रुव (IOD) अगस्त में बना रह सकता है और सितंबर में इसके आंशिक रूप से सकारात्मक होने के संकेत हैं। इन वैश्विक मौसमी परिस्थितियों का असर उत्तर प्रदेश के मानसून पर भी देखने को मिल सकता है।

अगस्त-सितंबर में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना। दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर सामान्य या सामान्य से अधिक वर्षा हो सकती है। पूरे मानसून सीजन में प्रदेश की कुल वर्षा सामान्य से कम रहने की संभावना अधिक है। अगस्त के दौरान औसत तापमान भी सामान्य से अधिक रह सकता है।

अगले सप्ताह सक्रिय होगा मानसून 

हालांकि अल्पकालिक पूर्वानुमान राहत देने वाला है। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान पर बने निम्न दबाव क्षेत्र के कमजोर होने और मानसूनी द्रोणी के सामान्य स्थिति में लौटने से अगले सप्ताह उत्तर प्रदेश में मानसून के फिर सक्रिय होने की संभावना हैमौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अच्छी बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी वर्षा होने के भी आसार हैं। शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई।

चुनार (मिर्जापुर) – 50 मिमी

जलालपुर (अंबेडकरनगर) – 37.4 मिमी

पट्टी (प्रतापगढ़) – 24 मिमी

आजमगढ़ – 21 मिमी

जौनपुर (CWC) – 20.2 मिमी

वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बरेली में सबसे अधिक 18 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

लखनऊ का मौसम

राजधानी लखनऊ में रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान: 34°C, न्यूनतम तापमान: 27°C, तेज धूप से बढ़ी गर्मी, दोपहर बाद मिली राहत शनिवार सुबह तेज धूप निकलने से राजधानी का तापमान करीब दो डिग्री सेल्सियस बढ़ गया। हालांकि दोपहर बाद बादल छाने और हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। अधिकतम तापमान 35.5°C, जो सामान्य से 2.2°C अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 27.4°C, जो सामान्य से 1.6°C अधिक दर्ज किया गया मौसम विभाग का कहना है कि रविवार को भी बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।

ये भी पढ़ें : 
राहुल गांधी, पप्पू यादव और अवधेश प्रसाद पर FIR, भगवा वेश में प्रदर्शन करने पर साधु-संतों की शिकायत पर हुई कार्रवाई

संबंधित समाचार