Shahjahanpur News : 12 साल की मासूम से 5 नाबालिग लड़कों ने किया सामूहिक दुष्कर्म, गन्ने के खेत में ले जाकर की दरिंदगी
तिलहर क्षेत्र के एक गांव में महिला अपनी बेटी को घर छोड़ कर गई हुई थी मायके, महिला की 12 साल की बेटी प्राइमरी स्कूल के कैंपस में अन्य बच्चियों संग खेल रही थी
शाहजहांपुर जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। स्कूल परिसर में खेल रही 12 वर्षीय बच्ची को बहला-फुसलाकर 5 नाबालिग लड़के गन्ने के खेत में ले गए और सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस की जांच जारी है।
शाहजहांपुर, अमृत विचार। जिले के तिलहर क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक 12 साल की मासूम बच्ची के साथ गांव के ही पांच किशोरों (नाबालिग लड़कों) ने सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पीड़िता की मां की तहरीर पर तिलहर कोतवाली में पांचों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने सभी किशोरों को अपनी निगरानी में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
स्कूल परिसर में खेल रही थी मासूम
जानकारी के अनुसार, तिलहर क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला शुक्रवार को अपने बीमार भाई को देखने के लिए मायके गई हुई थी। घर पर उसकी 12 वर्षीय बेटी अकेली थी। शुक्रवार शाम को बच्ची घर से कुछ दूरी पर स्थित प्राइमरी स्कूल के कैंपस में अन्य बच्चियों के साथ खेल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही पांच नाबालिग लड़के वहां पहुंचे और मासूम को बहला-फुसलाकर गांव के बाहर गन्ने के खेत में ले गए। वहां ले जाकर पांचों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
खेत मालिक ने सुनी चीखें तो भागे आरोपी
खेत में दरिंदगी का शिकार हो रही मासूम मदद के लिए चीख-पुकार करने लगी। गनीमत रही कि उसी वक्त खेत का मालिक वहां से गुजर रहा था। बच्ची की चीख सुनकर खेत मालिक फौरन गन्ने के खेत के अंदर घुसा। उसे आता देख पांचों आरोपी किशोर मौके से भाग निकले। इसके बाद खेत मालिक ने तुरंत बच्ची के परिवार वालों को घटना की सूचना दी। सूचना पाकर परिजन बदहवास हालत में खेत पर पहुंचे, जहां डरी-सहमी बच्ची ने रोते हुए उनके सामने आपबीती सुनाई।
पुलिस ने दर्ज किया केस, बच्ची का हुआ मेडिकल
घटना की गंभीरता को देखते हुए परिजन तुरंत बच्ची को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया है।
सीओ तिलहर विदुष सक्सेना ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पांचों नाबालिग लड़कों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को अपनी निगरानी (हिरासत) में ले लिया है और मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें - Bareilly News : चाइनीज मांझे से फिर बहा खून, महादेव पुल पर वैभव का गला कटने के बाद अब विद्युतर्की घायल
