Bahraich News: नीलगाय से टकराई श्रावस्ती सपा विधायक की कार, बाल-बाल बचीं इंद्राणी वर्मा; सभी सुरक्षित

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

बहराइच-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ा हादसा टला सपा विधायक इंद्राणी वर्मा की कार नीलगाय से टकराई

बहराइच-लखनऊ हाईवे पर सपा विधायक इंद्राणी वर्मा की कार नीलगाय से टकरा गई। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हुई, लेकिन विधायक समेत सभी लोग सुरक्षित रहे।

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में रविवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। समाजवादी पार्टी की भिनगा विधानसभा (श्रावस्ती) से विधायक इंद्राणी वर्मा की कार बहराइच-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अचानक सामने आई नीलगाय से टकरा गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन विधायक समेत कार में मौजूद सभी लोग सुरक्षित हैं। कुछ लोगों को मामूली चोट आने की सूचना है।

लखनऊ जाते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, विधायक इंद्राणी वर्मा रविवार सुबह लखनऊ में आयोजित एक बैठक में शामिल होने के लिए कार से जा रही थीं। इसी दौरान कैसरगंज क्षेत्र में बहराइच-लखनऊ हाईवे पर अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई। चालक ने वाहन को संभालने की कोशिश की, लेकिन नीलगाय से टक्कर हो गई। कार की रफ्तार कम होने के कारण बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय लोगों ने की मदद

हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत सहायता पहुंचाई। सूचना मिलने पर निजी विद्यालय के प्रबंधक मशकूर हबीब ने विधायक और उनके साथ मौजूद लोगों के लिए दूसरे वाहन की व्यवस्था कराई। इसके बाद विधायक इंद्राणी वर्मा लखनऊ के लिए रवाना हो गईं।

विधायक ने दी घटना की जानकारी

विधायक इंद्राणी वर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सड़क पर अचानक नीलगाय आ जाने के कारण वाहन उससे टकरा गया। उन्होंने कहा कि सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।

हाईवे पर वन्यजीवों से टकराने की घटनाएं बढ़ा रही चिंता

बहराइच और आसपास के क्षेत्रों में वन्यजीवों के अचानक सड़क पर आने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। ऐसे हादसे सड़क सुरक्षा के साथ-साथ वन्यजीवों की सुरक्षा और राजमार्गों पर बेहतर सुरक्षा उपायों की जरूरत को भी उजागर करते हैं।

ये भी पढ़ें : 
Raebareli News: आधी रात अवैध खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 2 जेसीबी और 5 डंपर जब्त

संबंधित समाचार