Bahraich News: बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत, गांव में पसरा मातम

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

बहराइच। जिले के हुजूरपुर थाना क्षेत्र के महौली गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में मातम छा गया। पुलिया के पास बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतकों की पहचान महौली गांव निवासी गुरुदयाल के 8 वर्षीय पुत्र सचिन गोस्वामी और प्रभुदयाल के 10 वर्षीय पुत्र विनीत गोस्वामी के रूप में हुई है।

खेलते-खेलते पुलिया के पास पहुंचे थे बच्चे

ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार, रविवार रात करीब आठ बजे दोनों बच्चे खेलते-खेलते गांव के बाहर स्थित पुलिया की ओर चले गए थे। पुलिया के आसपास बारिश का पानी काफी गहराई तक भरा हुआ था। आशंका है कि खेलते समय दोनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और संतुलन बिगड़ने से डूब गए। रात के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे उन्हें समय पर बचाया नहीं जा सका।

रातभर तलाश के बाद सुबह मिले शव

जब देर रात तक दोनों बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद अनहोनी की आशंका को देखते हुए हुजूरपुर थाने में गुमशुदगी की सूचना दी गई। सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे दोबारा तलाश के दौरान पुलिया के पास भरे पानी में दोनों बच्चों के शव दिखाई दिए। ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

गांव में पसरा मातम

दो मासूम बच्चों की एक साथ मौत से पूरे महौली गांव में शोक की लहर है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें : 
Gonda News: सरकार के खिलाफ सपा का हल्लाबोल, कलेक्ट्रेट का घेराव कर किया प्रदर्शन  

संबंधित समाचार