Gonda News: अनुपस्थित शिक्षक और अनुदेशिका का वेतन-मानदेय रोका, लापरवाही पर कार्रवाई 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

बीईओ के निरीक्षण में खुली लापरवाही की पोल, बिना सूचना कई दिनों से स्कूल से गायब मिले शिक्षक और अनुदेशिका पर विभाग ने की कार्रवाई

गोंडा। बभनजोत ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय घारीघाट में बिना सूचना के अनुपस्थित मिले सहायक अध्यापक और महिला अनुदेशिका पर विभाग ने कार्रवाई की है। खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) के निरीक्षण में अनुपस्थित पाए जाने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने दोनों का वेतन और मानदेय रोक दिया है। साथ ही नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।

चार दिन से स्कूल नहीं आ रहे थे शिक्षक

बीएसए अमित कुमार सिंह ने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी बभनजोत ने 1 जुलाई को उच्च प्राथमिक विद्यालय घारीघाट का निरीक्षण किया था। इस दौरान सहायक अध्यापक इंद्रदेव प्रसाद बिना किसी पूर्व सूचना के 27 जून से 30 जून तक अनुपस्थित मिले। वहीं, विद्यालय में कार्यरत महिला अनुदेशिका प्रज्ञा भी 28 जून से 1 जुलाई तक बिना सूचना के स्कूल से गैरहाजिर पाई गईं।

निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर हुई कार्रवाई

बीईओ ने निरीक्षण की रिपोर्ट बीएसए कार्यालय को भेजी थी। रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने दोनों कर्मचारियों का वेतन और मानदेय रोकने के निर्देश दिए हैं।बीएसए ने कहा कि बिना सूचना के अनुपस्थित रहना शिक्षक के पदीय दायित्वों और कर्मचारी आचरण नियमावली का उल्लंघन है। यह अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है।

स्पष्टीकरण न देने पर होगी विभागीय कार्रवाई

विभाग की ओर से दोनों कर्मचारियों को निर्देश दिया गया है कि वे तय समय सीमा के भीतर तथ्यात्मक साक्ष्यों के साथ अपना स्पष्टीकरण कार्यालय में प्रस्तुत करें। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। स्पष्टीकरण पर निर्णय होने तक अनुपस्थिति अवधि का वेतन और मानदेय जारी नहीं किया जाएगा।

ये भी पढ़ें : 
Gonda News: रेलवे स्टेशन पर मोबाइल चोर गिरोह का भंडाफोड़, दो शातिर गिरफ्तार

 

संबंधित समाचार