श्रावस्ती के स्कूल में 8वीं के छात्र पर चाकू से हमला, पानी पीने के दौरान विवाद के बाद वारदात से मचा हड़कंप
इकौना स्थित जगतजीत इंटर कॉलेज में हुई घटना, घायल छात्र का सीएचसी में इलाज जारी; पुलिस जांच में जुटी, परिजनों ने सख्त कार्रवाई की मांग की।
इकौना(श्रावस्ती), अमृत विचार: श्रावस्ती जिले के इकौना स्थित जगतजीत इंटर कॉलेज में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कक्षा आठ के एक छात्र पर कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत ही पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इकौना में भर्ती कराया गया। विद्यालय परिसर में हुई इस घटना के बाद अभिभावकों में नाराजगी देखने को मिली।
पानी पीने के दौरान हुआ विवाद, फिर हुआ हमला
आपको बता दें कि इकौना थाना क्षेत्र के ग्राम चौबेजोत निवासी सूरज कश्यप जगतजीत इंटर कॉलेज में कक्षा आठ का छात्र है। सोमवार को वह हर दिन की तरह स्कूल पहुंचा। इसी बीच क्लास के अन्य छात्र से पानी पीने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
इसके बाद विवाद बढ़ गया और छात्रों ने मिलकर सूरज पर हमला कर दिया। इसी दौरान कथित तौर पर एक छात्र ने चाकू से वार कर दिया, जिससे सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया।
शिक्षकों ने घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया
घटना के तुरंत बाद विद्यालय के शिक्षकों ने घायल छात्र को सीएचसी इकौना पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही इकौना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
अभिभावकों में आक्रोश, सख्त कार्रवाई की मांग
विद्यालय परिसर में हुई इस घटना के बाद अभिभावकों में भारी नाराजगी है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक मामले में पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई थी।
