कौशांबी में पुरानी रंजिश में युवक की हत्या, इलाज के दौरान तोड़ा दम; दो आरोपियों पर केस दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

मंझनपुर थाना क्षेत्र में मारपीट के बाद घायल युवक ने अस्पताल में तोड़ा दम, दो आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज

कौशांबी। जिले के मंझनपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पहचान लालचंद सोनकर (25) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, रविवार को पुरानी रंजिश के चलते दो लोगों ने लालचंद की कथित तौर पर जमकर पिटाई कर दी थी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मोटरसाइकिल की मरम्मत कराने गए युवक से हुई मारपीट

पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि नारा गांव निवासी पार्वती देवी ने 26 जुलाई को पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके जेठ लालचंद सोनकर मोटरसाइकिल की मरम्मत कराने एक मैकेनिक के पास गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद वीरेंद्र और मनोज सोनकर ने पुरानी रंजिश के चलते उनके साथ मारपीट कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

मामले में हत्या की धारा बढ़ाई गई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया और आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। इलाज के दौरान मौत होने के बाद पुलिस ने पहले दर्ज मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ा दी है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार दबिश दे रही हैं।

ये भी पढ़ें : 
राम मंदिर चढ़ावा चोरी : SIT में दो बड़े IPS अधिकारी शामिल, सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर संभालेंगे मोर्चा

संबंधित समाचार