Vijeta Dahiya Burger Controversy: संसद मार्च के दौरान कहां थे विजेता दहिया? वायरल वीडियो पर दी सफाई, बोले- ‘भूख लगी थी, इसलिए बर्गर खाया’
संसद मार्च के दौरान सीजेपी नेतृत्व की मौजूदगी को लेकर उठे सवालों के बीच पार्टी प्रवक्ता विजेता दहिया ने अपनी गैरमौजूदगी और वायरल बर्गर वीडियो पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह मार्च में शामिल थे और बाद में घर जाकर लौटने की तैयारी कर रहे थे।
डिजिटल डेस्कः कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संसद मार्च के बाद पार्टी नेतृत्व की भूमिका को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने दावा किया कि जब प्रदर्शनकारी संसद की ओर बढ़ रहे थे, तब पार्टी के कुछ प्रमुख नेता मौके पर मौजूद नहीं थे।
इसी बीच पार्टी प्रवक्ता विजेता दहिया का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें उन्हें एक रेस्टोरेंट में बर्गर खाते हुए दिखाया गया। वीडियो सामने आने के बाद उनकी भूमिका को लेकर सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई।
'मार्च में शामिल था, फिर घर चला गया'— विजेता दहिया
विजेता दहिया ने एक यूट्यूब चैनल से बातचीत में कहा कि वह संसद मार्च में शामिल हुए थे। उनके अनुसार, जब उन्हें लगा कि मार्च समाप्त हो चुका है, तब वह घर नहाने-धोने चले गए ताकि बाद में फिर प्रदर्शन स्थल लौट सकें।
उन्होंने कहा कि वह पिछले दो दिनों से लगातार आंदोलन स्थल पर मौजूद थे और इंटरनेट सेवाएं बाधित होने के कारण समन्वय में भी दिक्कतें आ रही थीं।
बर्गर वीडियो पर क्या बोले दहिया?
वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए दहिया ने कहा कि उन्हें काफी भूख लगी थी, इसलिए उन्होंने बर्गर खाया। इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक वीडियो में उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के भोजन करने को मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए।
उनका कहना था कि दो दिनों से लगातार सक्रिय रहने के बाद उन्होंने केवल खाना खाया, लेकिन इसे लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा किया गया।
'प्रदर्शन की सफलता संसद पहुंचने से नहीं तय होती'
दहिया ने यह भी कहा कि किसी आंदोलन की सफलता का आकलन केवल इस आधार पर नहीं किया जाना चाहिए कि प्रदर्शनकारी संसद तक पहुंचे या नहीं।
उनके मुताबिक, असली सवाल यह है कि लोगों की आवाज़ सुनी जा रही है या नहीं। उन्होंने यह भी दावा किया कि पार्टी के कई कार्यकर्ता और नेता प्रदर्शन के दौरान घायल हुए।
सोशल मीडिया पर जारी है बहस
संसद मार्च के बाद वायरल वीडियो और नेतृत्व की भूमिका को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। एक ओर कुछ लोग दहिया की सफाई का समर्थन कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कई यूजर्स उनकी गैरमौजूदगी पर सवाल उठा रहे हैं।
फिलहाल, वायरल वीडियो और उससे जुड़े दावों पर विभिन्न पक्ष अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
यह भी पढ़ेंः CJP Protest Violence: संसद मार्च में बवाल के बाद दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, इन अहम एंगल पर हो रही जांच
