सिक्किम टनल हादसे में मरने वाले मजदूरों के परिवार को सीएम तमांग देंगे मुआवजा, पीएम मोदी पहले ही कर चुके है आर्थिक मदद का एलान

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

गंगटोक। सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन सुरंग ढहने की घटना में मारे गए श्रमिकों के परिजनों के लिए मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने मंगलवार को अनुग्रह राशि की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों को चार-चार लाख रुपये और हादसे में घायल श्रमिकों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।

यह हादसा सोमवार को दक्षिण सिक्किम के समरदुंग क्षेत्र में स्थित एनएचपीसी की तीस्ता चरण-6 जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में हुआ था। सुरंग ढहने के बाद परियोजना अधिकारियों समेत करीब 25 श्रमिक अंदर फंस गए थे। हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि अन्य फंसे श्रमिकों को निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है। 

मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने बताया कि सुरंग हादसे के कारणों की जांच के लिए एक विशेष समिति का गठन किया जाएगा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुरंग में मीथेन गैस के अचानक बाहर निकलने और विस्फोट के कारण यह दुर्घटना हुई। तमांग मंगलवार को घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।

बताया कि फंसे हुए श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल से खनन बचाव कार्यों में विशेषज्ञ टीम भी मौके पर पहुंच गई है। बचाव अभियान में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), राज्य आपदा मोचन बल (SDRF), पुलिस, जिला प्रशासन और अन्य स्थानीय एजेंसियां संयुक्त रूप से जुटी हुई हैं।

वहीं, एनएचपीसी ने जारी बयान में बताया कि 20 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1:04 बजे तीस्ता चरण-6 परियोजना की निर्माणाधीन हेड रेस टनल (एचआरटी) के भीतर चट्टानों में फंसी संदिग्ध मीथेन गैस अचानक बाहर निकल गई, जिससे विस्फोट हुआ। इसके बाद सुरंग में घना धुआं और जहरीली गैस फैल गई, जिसके कारण यह दुखद हादसा हुआ। प्रशासन ने कहा है कि बचाव कार्य पूरी तेजी से जारी है और सुरंग में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सभी जरूरी संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें : 
सिक्किम सुरंग हादसा: पीएम मोदी ने सीएम तमांग से की बात, मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार की सहायता

संबंधित समाचार