Pilibhit Medical College Murder : बात न करने की खौफनाक सजा, सनकी युवक ने ली छात्रा की जान, पुलिस के सामने उगला सच

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

पीलीभीत, अमृत विचार: मेडिकल कॉलेज में छात्रा कशिश की चाकू से वार करके हत्या के पीछे एकतरफा प्रेम वजह के तौर पर प्रमुखता से सामने आ रहा है। पुलिस की शुरुआती जांच और पकड़े गए आरोपी से हुई पूछताछ में पता चला है कि आरोपी छात्र सागर अपनी सहपाठी कशिश से एकतरफा लगाव रखता था। पिछले करीब एक माह से छात्रा उससे बात नहीं कर रही थी, जिससे वह लगातार नाराज और आक्रोशित था।

बताते हैं कि सहपाठी होने के चलते दोनों एक दूसरे से परिचित थे और बातचीत किया करते थे। मगर, इसे आरोपी सागर कुछ और ही समझ बैठा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी कहासुनी हुई थी। करीब एक माह पहले मामला इतना बढ़ गया था कि छात्रा के परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे। उस समय आरोपी को समझाने के साथ भविष्य में ऐसी हरकत न करने की चेतावनी भी दी गई थी। इसके बावजूद विवाद समाप्त नहीं हुआ और हत्याकांड का रुप ले गया। 

सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में इसे ही आरोपी ने घटना और अपनी नाराजगी की वजह बताया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या आरोपी ने पहले से हत्या की योजना बनाई थी। जांच में दोनों के मोबाइल कॉल डिटेल, सोशल मीडिया चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी पड़ताल कराई जा रही है।  हालांकि पुलिस अधिकारियों ने अभी तक हत्या की वजह पर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। सीओ का कहना है कि फिलहाल जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।

संबंधित समाचार