जाली नोट मामले में एक और गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Indrabhushan Dubey
On

नोट सप्लाई करने वालों को लगाया जा रहा पता

कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार: जाली नोट के काले कारोबार से जुड़े एक और आरोपी को मंगलवार को दुबग्गा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 700 रुपये के नकली नोट और जाली नोट बाजार में खपाकर जुटाए गए चार हजार रुपये के असली नोट बरामद किए हैं। इस मामले में एक आरोपी को कुछ दिन पहले जेल भेजा गया था। गिरोह की कुंडली पुलिस खंगाल रही है।

इंस्पेक्टर दुबग्गा श्रीकांत राय के मुताबिक, 11 जुलाई को संजीव कुमार मिश्रा को गिरफ्तार कर उसके पास से साढ़े छह हजार रुपये के नकली नोट बरामद किये गये थे। इस मामले में थाना दुबग्गा में रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेजा गया था। पूछताछ में संजीव ने खुलासा किया था कि उसे नकली नोट सुधीर यादव ने उपलब्ध कराए थे।

इसके बाद पुलिस टीम उसकी तलाश में जुट गई। सोमवार देर रात करीब नौ बजे पुलिस ने बरी कलां पावर हाउस के पीछे से सुधीर यादव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सुधीर यादव निवासी बरी कलां, पावर हाउस के पीछे, ठाकुरगंज में रहता है। उसके खिलाफ सरोजनीनगर और ठाकुरगंज थानों में एनडीपीएस एक्ट के दो मामले पहले से दर्ज हैं। इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

संबंधित समाचार