Bareilly News : डीसीएम से टकराई बाइक, बुआ को देखने जा रहे दो युवकों की दर्दनाक मौत
अस्पताल में भर्ती बुआ को देखने आ रहे थे अमित और बबलू, टीपी नगर के पास दोपहर में हुआ हादसा, पत्नी हुई घायल
बरेली, अमृत विचार। अस्पताल में भर्ती बुआ को देखने रहे युवकों की बाइक अनियंत्रित होकर डीसीएम के पीछे से टकरा गई। बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के रजऊ परसपुर निवासी अमित सक्सेना, अपनी पत्नी सीमा और रिश्तेदार बबलू के साथ एक ही बाइक से शहर के एक अस्पताल में भर्ती बुआ को देखने आ रहे थे। दोपहर में वे टीपी नगर के पास पहुंचे तो उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डीसीएम में पीछे से जा टकराई। इससे अमित सक्सेना और बबलू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सीमा गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने अमित और बबलू के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सीमा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की मौत से उनके परिवार में कोहराम मच गया है।
हिमाचल से लौटे थे दोनों युवक
परिजनों बताया कि अमित और बबलू हिमाचल प्रदेश में मजदूरी करते थे। दोनों कुछ दिन पहले ही गांव लौटे थे। वे ज्यादातर साथ ही रहते थे। मंगलवार को वे बुआ को देखने जा रहे थे। इसी बीच दुघर्टना हो गई और दोनों की मौत हो गई।
