Sultanpur News : स्कूली बच्चों को सड़क पार करा रहे बस चालक की बाइक की टक्कर से मौत, दंपति घायल
सुलतानपुर अमृत विचार वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर बुधवार को एक सड़क हादसे में स्कूली बच्चों को सुरक्षित सड़क पार करा रहे बस चालक की जान चली गई, जबकि मोटरसाइकिल सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई और बच्चों में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार लम्भुआ कोतवाली क्षेत्र के डकाही गांव के पास बुधवार दोपहर आल सेंट्स विद्यालय की बस से बच्चों को उतारने के बाद चालक दयाशंकर पांडेय निवासी मलाक तुलापुर, थाना शिवगढ़ एक बच्चे को सड़क पार करा रहे थे। तभी हनुमानगंज की ओर जा रही मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस चालक के साथ मोटरसाइकिल सवार रमाशंकर सिंह (38) पुत्र जयप्रकाश सिंह तथा उनके साथ मौजूद जयमाला (35) पत्नी प्रदीप भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लम्भुआ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने बस चालक दयाशंकर पांडेय को मृत घोषित कर दिया। वहीं रमाशंकर सिंह और जयमाला की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय बस में बैठे छोटे बच्चे पूरी घटना देखकर सहम गए। मौके पर तत्काल कोई अभिभावक नहीं होने से बच्चे काफी घबराए हुए थे। सूचना मिलने पर विद्यालय प्रबंधन और परिजन मौके पर पहुंचे।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
