राम मंदिर दान विवाद पर मंत्री गुलाब देवी का बड़ा बयान, बोलीं- 'कोई भी चंदा चोर नहीं बचेगा, चाहे कितना बड़ा पद हो'

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

वाराणसी में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ कार्यक्रम में माध्यमिक शिक्षा मंत्री ने कहा- अयोध्या प्रकरण की एसआईटी जांच निष्पक्ष होगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

वाराणसी। उत्तर प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी प्रकरण को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) इतनी निष्पक्ष और सख्त जांच कर रहा है कि इस मामले में कोई भी दोषी बच नहीं पाएगा, चाहे वह किसी भी पद पर क्यों न हो।

'दोषी कितना भी बड़ा हो, कार्रवाई तय'

बुधवार को वाराणसी में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गुलाब देवी ने कहा कि राम मंदिर से जुड़े मामले में मुख्यमंत्री ने समय रहते प्रभावी जांच समिति का गठन किया है। उन्होंने कहा कि इस फैसले की प्रदेश ही नहीं, पूरे देश में सराहना हो रही है।

मंत्री ने कहा कि इस जांच के जरिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि यदि कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।

बोर्ड परीक्षाओं को लेकर भी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

अपने संबोधन में गुलाब देवी ने उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2025 और 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में करीब 54-54 लाख विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, लेकिन नकल या पेपर लीक जैसी कोई घटना सामने नहीं आई।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की सख्त कानून व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी के कारण नकल माफिया सक्रिय नहीं हो सके।

शिक्षकों की कैशलेस चिकित्सा योजना का किया स्वागत

माध्यमिक शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों और शिक्षणेतर कर्मचारियों के लिए शुरू की गई मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना को महत्वपूर्ण कदम बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह योजना लाखों शिक्षकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराएगी।

इनपुट- एजेंसी

यह भी पढ़ेंः  UP के 12 लाख शिक्षकों को बड़ा तोहफा: आज से मिलेगा ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज, CM योगी ने वाराणसी में की योजना की शुरुआत

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज