‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे’ वाले गायक अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या, जिम के बाहर बदमाशों ने बरसाईं गोलियां
हरियाणवी गायक, गीतकार और संगीतकार अंकित बालियान की शामली में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से करीब एक घंटे पहले उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया था। ‘जाट जाटनी’ समेत कई गानों से पहचान बनाने वाले अंकित की हत्या की जांच पुलिस कर रही है।
डिजिटल डेस्क, अमृत विचार। हरियाणवी संगीत जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। युवा गायक, अंकित बालियान (Ankit Baliyan) की यूपी के शामली जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से करीब एक घंटे पहले ही अंकित ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो पोस्ट किया था। इसके कुछ ही देर बाद उनकी हत्या की खबर सामने आने से परिवार, प्रशंसकों और हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई।
आखिरी वीडियो पोस्ट करने के कुछ देर बाद हत्या
बताया जा रहा है कि अंकित ने घटना से महज एक घंटे पहले सोशल मीडिया पर अपना वीडियो साझा किया था। इसके बाद शामली जिले में उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस हत्याकांड के पीछे की वजह और वारदात में शामिल आरोपियों का पता लगाने में जुटी है।
ठेठ देहाती अंदाज ने दिलाई अलग पहचान
अंकित बालियान मूल रूप से शामली जिले के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले थे। करीब तीन साल पहले उन्होंने पेशेवर संगीत की दुनिया में कदम रखा था। अपनी ठेठ देहाती शैली और दमदार गायकी के जरिए उन्होंने कम समय में ही हरियाणवी संगीत प्रेमियों के बीच खास पहचान बना ली थी।
‘जाट जाटनी’ समेत कई गानों से मिली शोहरत
अंकित के ‘खटोला जेल के भीतर भरी कोर्ट में गोली मारेंगे’ और ‘जाट जाटनी’ जैसे गानों को सोशल मीडिया और यूट्यूब पर काफी पसंद किया गया। उनके गानों में पश्चिमी यूपी और हरियाणवी ग्रामीण परिवेश की झलक दिखाई देती थी। युवा वर्ग के बीच उनकी अलग पहचान बन चुकी थी।
कई बड़े कलाकारों के साथ किया काम
अंकित बालियान ने हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री के कई चर्चित कलाकारों के साथ काम किया था। उन्होंने मासूम शर्मा, रानू पंजाबी, अंजलि राघव और आशू ट्विंकल समेत कई कलाकारों के साथ प्रोजेक्ट किए। कम समय में मिली लोकप्रियता के चलते उनका करियर तेजी से आगे बढ़ रहा था।
हत्या की जांच में जुटी पुलिस
अंकित की हत्या के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस वारदात के कारणों का पता लगाने के साथ आरोपियों की तलाश में जुटी है। अचानक हुई इस वारदात से अंकित के परिवार में मातम पसरा है और प्रशंसक सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें:-
