हरिद्वार में दो सगी बहनों की हत्या से सनसनी! भाई निकला कातिल, तमंचा-कारतूस और बाइक बरामद; जीजा भी घायल
हरिद्वार के गणेशपुर में दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मृतक महिलाओं के भाई विवेक उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया है। उसके पास से तमंचा, छह खोखे और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई है।
हरिद्वार। उत्तराखंड में हरिद्वार के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के गणेशपुर में दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या किए जाने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने बुधवार को खुलासा किया। पुलिस ने वारदात के कथित आरोपी मृतक महिलाओं के भाई विवेक उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, छह खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। फायरिंग के दौरान महिलाओं का जीजा भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसका उपचार चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात गणेशपुर निवासी अर्जुन सिंह ने गंगनहर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उसके मामा विवेक उर्फ विक्की ने फायरिंग कर उसकी मां और मौसी की हत्या कर दी। इसी दौरान उसके मौसा को भी गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी।
चुड़ियाला से आरोपी गिरफ्तार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस को मिले अहम इनपुट के आधार पर आरोपी विवेक उर्फ विक्की को चुड़ामणि मंदिर चौक के पास चुड़ियाला, भगवानपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, छह खोखा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गयी मोटरसाइकिल बरामद की।
संपत्ति विवाद और चरित्र पर शक की आशंका
शुरुआती जांच में पुलिस को संपत्ति विवाद और चरित्र पर शक हत्याकांड की वजह नजर आ रही है। हालांकि वारदात के पीछे की पूरी कहानी और अन्य संभावित कारणों को लेकर आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विवेक उर्फ विक्की पुत्र जयपाल चुड़ियाला, थाना भगवानपुर का निवासी है। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:-UP Sugar Price: यूपी में चीनी के दामों में बड़ी गिरावट, दो दिन में 300 रुपये प्रति क्विंटल तक सस्ती हुई; जानें वजह
