Tehri News : टिहरी में श्रमिकों के लिए बड़ी राहत! 18 जनसुविधा केंद्रों पर होगा पंजीकरण-नवीनीकरण, जानिए कब तक चलेगा अभियान
मनरेगा में 90 दिन काम का प्रमाणपत्र जरूरी, मोबाइल ऐप से भी खुद करा सकेंगे पंजीकरण
टिहरी जिले में श्रमिकों के पंजीकरण और नवीनीकरण के लिए 18 सीएससी अधिकृत किए गए हैं। मनरेगा में 90 दिन काम का प्रमाणपत्र देने वाले श्रमिकों का पंजीकरण बीडीओ के माध्यम से होगा। चंबा में 27 अगस्त तक विशेष अभियान चलेगा और मोबाइल ऐप से भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है।
टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी में श्रमिकों के पंजीकरण और नवीनीकरण की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए जिले में 18 जनसुविधा केंद्रों (सीएससी) को अधिकृत किया गया है। श्रम प्रवर्तन अधिकारी आईशा खान ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि पात्र श्रमिक इन केंद्रों पर पहुंचकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना पंजीकरण एवं नवीनीकरण करा सकते हैं।
जिले के विभिन्न विकासखंडों में अधिकृत किए गए केंद्रों में जाखणीधार के बडोनी सीएससी और बिष्ट सीएससी, थत्यूड़ के आरबी सीएससी एवं आरडी भट्ट सीएससी, हिण्डोलाखाल के रविन्द्र सीएससी, चंबा के शिवानन्द सीएससी, महिपाल सजवाण सीएससी एवं अमित कुमार डबराल सीएससी, घुत्तू-घनसाली के जितेन्द्र सीएससी, कीर्तिनगर के कैलाश पैन्यूली सीएससी, नरेन्द्रनगर के हरपाल सिंह सीएससी, प्रतापनगर के अनमोल सीएससी एवं आनन्द जोशी सीएससी, थौलधार के लसियाल सीएससी एवं नौटियाल सीएससी, भिलंगना के अमेन्द्र सिंह सीएससी तथा जौनपुर के दीपक अग्रवाल सीएससी शामिल हैं।
90 दिन मनरेगा काम का प्रमाणपत्र जरूरी
श्रम विभाग के अनुसार मनरेगा में 90 दिनों के कार्य का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने वाले श्रमिकों का पंजीकरण अथवा नवीनीकरण संबंधित विकासखंड के खंड विकास अधिकारी के माध्यम से किया जाएगा। विभाग की ओर से श्रमिकों को पंजीकरण की प्रक्रिया और पात्रता की जानकारी देने के लिए विकासखंड एवं न्याय पंचायत स्तर पर जागरूकता शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं।
27 अगस्त तक चलेगा अभियान
वहीं विकासखंड चंबा में श्रमिकों के पंजीकरण एवं नवीनीकरण का अभियान जारी है। यह अभियान 27 अगस्त तक विकासखंड के विभिन्न स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा श्रमिक मोबाइल ऐप के माध्यम से भी स्वयं अपना पंजीकरण एवं नवीनीकरण कर सकते हैं। श्रम विभाग ने पात्र श्रमिकों से अपील की है कि वह निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर अपना पंजीकरण एवं नवीनीकरण कराकर विभागीय योजनाओं का लाभ उठाएं।
यह भी पढ़ें:-Pauri News : 11 से घटकर 3 हुईं डी श्रेणी की मदें, विकास योजनाओं की प्रगति में सुधार, जानिए क्या बोले सीडीओ
