Sitapur News: न पति छूटा, न प्रेमी से नाता टूटा... अब महिला के साथ रहेंगे दोनों
सीतापुर के महमूदाबाद में रिश्तों की अनोखी उलझन; पत्नी बोली- दोनों का साथ चाहिए, पति ने भी किसी को छोड़ने से किया इनकार
सीतापुर। अभी तक प्रेम संबंधों को लेकर हत्या, साजिश और धोखे की तमाम वारदातें सुर्खियां बनती रही हैं। कहीं प्रेमी को मार कर ड्रम में बंद किया गया, कहीं शव छिपाने के लिए पहाड़ से फेंकने या जमीन में दफनाने जैसे मामले सामने आए। लेकिन इन सब से इतर सीतापुर के महमूदाबाद में रिश्तों का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस ही नही बल्कि लोगों को भी असमंजस में डाल दिया। यहां विवाद अलग होने का नहीं, बल्कि एक साथ रहने का है। एक विवाहिता अपने दो बच्चों के साथ कोतवाली पहुंची, उसके साथ पति और प्रेमी दोनों थे। महिला का कहना था कि पति के परिवार वाले प्रेमी को अपना नहीं रहे। वो दोनों के साथ रहना चाहती है।
महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र निवासी शुभम वर्मा, उसकी पत्नी अंजू और उसका प्रेमी नितिन विश्वकर्मा के बीच रिश्तों का विवाद है। महिला अपने पति, प्रेमी और दो बच्चों के साथ कोतवाली पहुंची और पुलिस को दिए शिकायती पत्र में कहा कि वह पति और प्रेमी दोनों के साथ रहना चाहती है।
उसका आरोप था कि पति के परिजन इस व्यवस्था का विरोध कर रहे हैं और साथ रहने नहीं दे रहे। पुलिस को उम्मीद थी कि बातचीत के दौरान कोई एक पक्ष अलग रहने पर सहमत हो जाएगा, लेकिन मामला इसके उलट निकला। अंजू ने पति और प्रेमी दोनों के साथ संबंध बनाए रखने की इच्छा जताई, जबकि पति शुभम ने भी पत्नी का साथ छोड़ने से इनकार कर दिया।
शुभम का कहना था कि वह पत्नी और नितिन दोनों का साथ नहीं छोड़ेगा, भले ही इसके लिए उसे अपना घर छोड़ना पड़े। उधर, परिवार के अन्य सदस्य इस व्यवस्था के पक्ष में नहीं हैं। कोतवाल भानु प्रताप सिंह के मुताबिक, काफी देर तक तीनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया गया है, लेकिन परिवार के लोग इस रिश्ते के पक्ष में नहीं है। जबकि पति, पत्नी और उसका प्रेमी एक साथ रहने को तैयार हैं।
यह भी पढ़ेंः दो महीने से नेटवर्क गायब! टावर के सामने उतरे सैकड़ों उपभोक्ता, बोले- महंगा रिचार्ज फिर भी नहीं मिल रही सुविधा
