Meerut Police Action : सपा नेताओं की पिटाई के आरोपों पर बड़ा एक्शन, थाना प्रभारी समेत 8 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

Amrit Vichar Network
On

तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडेय पर भी लगे थे आरोप

Meerut News: मेरठ में सपा नेताओं की पुलिसकर्मियों पर मारपीट के आरोपों की जांच के बीच सिविल लाइंस थाना प्रभारी समेत आठ पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है। सहारनपुर डीआईजी मामले की जांच कर रहे हैं।

मेरठ। समाजवादी पार्टी (सपा) के दो नेताओं द्वारा तत्कालीन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अविनाश पांडेय समेत अन्य पुलिसकर्मियों पर मारपीट के लगाए गए आरोपों की जांच के बीच, मेरठ में सिविल लाइंस थाना प्रभारी समेत आठ पुलिसकर्मियों को शनिवार को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) भानु भास्कर के आदेश पर मामले की जांच सहारनपुर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अभिषेक सिंह कर रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, संबंधित पुलिसकर्मियों को इसलिए लाइन हाजिर किया गया है ताकि जांच की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनी रहे। लाइन हाजिर किए गए पुलिसकर्मियों में सिविल लाइंस थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार गौड़, उपनिरीक्षक मुलायम सिंह, हेड कांस्टेबल हरि ओम, कांस्टेबल मुकेश कुमार, हेड कांस्टेबल श्याम बाबू, कांस्टेबल सुमित कुमार, कांस्टेबल नीलम लौर और चालक ललित कुमार शामिल हैं।

सपा नेताओं ने लगाए थे गंभीर आरोप

इससे पहले, सपा नेता दिग्विजय सिंह भाटी और मोहित जाटव ने आरोप लगाया था कि 19 अगस्त को तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडेय से मिलने के दौरान उनके साथ ''गाली-गलौज और मारपीट'' की गई। भाटी ने आरोप लगाया कि एसएसपी के कक्ष में पिटाई के बाद उन्हें सिविल लाइंस थाना प्रभारी अखिलेश कुमार गौड़ के जरिए विशेष अभियान समूह (एसओजी) के कार्यालय ले जाया गया, जहां उनके हाथ-पैर बांधकर उन्हें ''डंडों से पीटा गया।'' भाटी ने यह भी आरोप लगाया था कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया और उन्हें यह धमकी दी कि घटना के बारे में मीडिया से बात करने पर उनका और बुरा हाल किया जाएगा। मोहित जाटव ने भी पुलिसकर्मियों पर उन्हें ''मुठभेड़ की धमकी'' देने का आरोप लगाया था। इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

सीसीटीवी फुटेज से सामने आ सकता है सच

सपा विधायक अतुल प्रधान ने मामले में मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए कहा था कि पुलिस कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से घटना की सच्चाई सामने आ सकती है। इस बीच, पुलिस अधीक्षक (नगर) विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया के जरिए सामने आए पुलिसकर्मियों द्वारा कथित मारपीट के मामले को गंभीरता से लिया गया है तथा जांच की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए संबंधित पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है। एसएसपी के आदेश पर सिविल लाइंस थाने के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार गौड़ को पुलिस लाइन स्थानांतरित कर दिया गया है। भोसले ने बताया कि उपनिरीक्षक अरुण भाटी को नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। 

यह भी पढ़ें:-Ghaziabad Murder : ‘बेटा नहीं हुआ’ तो खूनी बना पिता! पत्नी और बड़ी बेटी को चाकू से गोदा, छोटी बेटी ने भागकर बचाई जान

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज