Ghaziabad Murder : ‘बेटा नहीं हुआ’ तो खूनी बना पिता! पत्नी और बड़ी बेटी को चाकू से गोदा, छोटी बेटी ने भागकर बचाई जान

Amrit Vichar Network
On

खोड़ा में आधी रात चीख-पुकार से मचा हड़कंप, मां-बेटी की मौके पर मौत

गाजियाबाद के खोड़ा में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर पत्नी और बड़ी बेटी की चाकू मारकर हत्या कर दी। 14 वर्षीय छोटी बेटी ने भागकर जान बचाई और पड़ोसियों को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।

गाजियाबाद, अमृत विचार। यूपी के गाजियाबाद जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। खोड़ा थाना क्षेत्र की लोकप्रिय विहार कॉलोनी में शुक्रवार देर रात एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और बड़ी बेटी की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। वहीं, 14 वर्षीय छोटी बेटी किसी तरह जान बचाकर घर से बाहर भाग निकली और शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया। पड़ोसियों ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।

आधी रात घर से आई चीख-पुकार

घटना शुक्रवार रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। अचानक घर से चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घर के अंदर का दृश्य देखकर पड़ोसी भी सहम गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पत्नी और बड़ी बेटी की मौत हो चुकी थी, जबकि छोटी बेटी घायल अवस्था में मिली। बताया गया कि 45 वर्षीय राजा अंसारी मूल रूप से बिहार के अररिया का रहने वाला है और खोड़ा में किराए के मकान में पत्नी तबस्सुम और दो बेटियों के साथ रहता था। वह खोड़ा मंडी में मुंशी का काम करता था।

बेटा न होने को लेकर पत्नी से होता था विवाद

पड़ोसियों के मुताबिक, राजा अंसारी का अपनी पत्नी से अक्सर विवाद होता था। आरोप है कि बेटा नहीं होने को लेकर दोनों के बीच विवाद रहता था। पड़ोसियों ने यह भी बताया कि आरोपी कथित तौर पर नशे का आदी था और उसका स्वभाव गुस्सैल था। शुक्रवार रात विवाद बढ़ने के बाद राजा कथित तौर पर किचन से चाकू लेकर आया और पत्नी पर हमला कर दिया। मां को बचाने के लिए बड़ी बेटी सना सामने आई तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

छोटी बेटी ने भागकर बचाई जान

मां और बड़ी बहन पर हमला होते देख 14 वर्षीय छोटी बेटी भी उन्हें बचाने के लिए आगे आई। आरोप है कि आरोपी ने उस पर भी चाकू से हमला करने की कोशिश की। हालांकि, वह किसी तरह वहां से निकलकर घर के बाहर पहुंच गई और चीखते हुए पड़ोसियों से मदद मांगी। छोटी बेटी ने पड़ोसियों को बताया कि उसके अब्बू ने उसकी अम्मी और बहन को चाकू मार दिया है। शोर सुनकर पड़ोसी घर में पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

आरोपी हिरासत में, घायल बेटी का इलाज जारी

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी राजा अंसारी को हिरासत में ले लिया। मृतक मां-बेटी के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल 14 वर्षीय बेटी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पड़ोसी बाबू खान ने बताया कि परिवार के लोग बहुत कम घर से बाहर निकलते थे और आसपास के लोगों से उनका ज्यादा मेल-जोल नहीं था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस घटना के पीछे की वास्तविक वजह और वारदात से पहले घर में हुए विवाद के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

यह भी पढ़ें:-Basti Murder : प्रेम प्रसंग में रोड़ा बना पिता तो बेटी ने प्रेमी संग रच डाला खूनी खेल! हंसिए से हमला, गमछे से गला घोंटकर हत्या

संबंधित समाचार