चंदौली में बड़ा हादसा : जहरीली गैस से तीन मजदूरों की मौत, समरसेबल निकालने कुएं में उतरे थे मजदूर

Amrit Vichar Network
On

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। शहाबगंज थाना क्षेत्र के किड़हिरा गांव में कुएं के अंदर जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब चार लोग कुएं में खराब समरसेबल पंप निकालने के लिए बारी-बारी से नीचे उतरे थे।

जानकारी के अनुसार गांव के एक कुएं में लगा समरसेबल पंप खराब हो गया था। उसे निकालने के लिए चार लोग कुएं में उतरे। इसी दौरान कुएं के भीतर मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आने से चारों बेहोश होकर गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और सभी को कुएं से बाहर निकाला।

बचाए गए सभी लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद जमाल, तौकीर आलम और वारिस अली को मृत घोषित कर दिया। वहीं समशेर का उपचार जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। चकिया क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का निरीक्षण किया।

डीएम-एसपी ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने भी घटनास्थल का दौरा किया। दोनों अधिकारियों ने हादसे की जानकारी ली और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

मजदूरों की मौत पर CM योगी ने जताया दुख

चंदौली में हुए हादसे में मजदूरों की मौत पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतक श्रमिकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें नियमानुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

यह भी पढ़ें:-Ghaziabad Murder : ‘बेटा नहीं हुआ’ तो खूनी बना पिता! पत्नी और बड़ी बेटी को चाकू से गोदा, छोटी बेटी ने भागकर बचाई जान

संबंधित समाचार