Shravasti News : श्रावस्ती में ‘शोपीस’ बना आरओ! ब्लॉक पहुंचे फरियादी पानी को तरसे, जगह-जगह कूड़े के ढेर ने खोली व्यवस्था की पोल

Amrit Vichar Network
On

जमुनहा ब्लॉक में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था बदहाल, बीडीओ बोले- आरओ ठीक कराने के साथ सफाई के दिए निर्देश

श्रावस्ती के जमुनहा ब्लॉक परिसर में खराब आरओ वॉटर यूनिट के कारण फरियादियों को स्वच्छ पेयजल के लिए परेशानी हो रही है। परिसर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे होने से सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। बीडीओ ने आरओ ठीक कराने और सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं।

जमुनहा (श्रावस्ती), अमृत विचार। जमुनहा ब्लॉक परिसर में लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लगाई गई आरओ वॉटर यूनिट लंबे समय से खराब पड़ी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लाखों रुपये की लागत से लगाई गई यह सुविधा अब महज शोपीस बनकर रह गई है। ब्लॉक में आने वाले फरियादियों और अन्य लोगों को पीने के पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।

खराब पड़ा आरओ, पानी के लिए परेशान फरियादी

ब्लॉक परिसर में विभिन्न कार्यों और शिकायतों के सिलसिले में रोजाना बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में परिसर में लगा आरओ यूनिट लोगों के लिए स्वच्छ पेयजल का प्रमुख साधन था। लेकिन यूनिट खराब होने के कारण लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों की नजर के सामने आरओ यूनिट की यह स्थिति बनी हुई है, लेकिन लंबे समय से इसे दुरुस्त नहीं कराया गया।

जगह-जगह कूड़े के ढेर, सफाई व्यवस्था पर सवाल

पेयजल व्यवस्था के साथ ही ब्लॉक परिसर की सफाई व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है। परिसर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे होने की बात सामने आई है। इससे फरियादियों और कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने नियमित सफाई कराने और परिसर को स्वच्छ रखने की मांग की है।

जिम्मेदार बोले- आरओ ठीक कराया जा रहा

इस संबंध में बीडीओ जमुनहा बृजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। उन्होंने सफाई व्यवस्था को लेकर एडीओ को निर्देशित किया है। वहीं आरओ यूनिट को दुरुस्त कराने के लिए जेई को अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा कि आरओ को जल्द सही कराया जा रहा है।

संबंधित समाचार