श्रावस्ती पहुंचने से बस कुछ किलोमीटर दूर अचानक ऐसा क्या हुआ? श्रीलंकाई महिला की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुंचते ही मौत
लुंबनी से 46 सदस्यीय बौद्ध तीर्थयात्री दल के साथ भारत आ रही थीं 56 वर्षीय महिला; बस में श्रीलंकाई स्वास्थ्यकर्मी ने दिया CPR, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
बलरामपुर: भगवान बुद्ध की तपोस्थली श्रावस्ती के दर्शन के लिए लुंबनी (नेपाल) से आ रही एक श्रीलंकाई महिला दर्शनार्थी की शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। श्रावस्ती पहुंचने से कुछ किलोमीटर पहले टूरिस्ट बस में महिला के सीने में तेज दर्द उठा। बस में मौजूद श्रीलंकाई स्वास्थ्यकर्मी ने तत्काल CPR देकर उन्हें बचाने की कोशिश की।
बस चालक मुकेश ने बिना देर किए वाहन को जिला मेमोरियल चिकित्सालय पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
बस में अचानक बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान कहापोला अदा रैचिगे (56), पत्नी तुसारी इनौका, निवासी कालूबौला, श्रीलंका के रूप में हुई है।
बताया गया कि श्रीलंकाई दर्शनार्थियों का दल लुंबनी से श्रावस्ती की ओर जा रहा था। श्रावस्ती पहुंचने से कुछ किलोमीटर पहले महिला को अचानक सीने में तेज दर्द हुआ और उनकी तबीयत बिगड़ गई।
स्वास्थ्यकर्मी ने दिया CPR, चालक ने तुरंत पहुंचाया अस्पताल
महिला की हालत बिगड़ते ही बस में मौजूद श्रीलंकाई स्वास्थ्यकर्मी ने उन्हें तत्काल CPR देना शुरू किया। चालक मुकेश ने भी स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बस को सीधे जिला मेमोरियल चिकित्सालय पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला की जांच की, लेकिन उन्हें मृत घोषित कर दिया।
46 सदस्यीय दल पर भारत-नेपाल की बौद्ध यात्रा
बस चालक के अनुसार, 46 सदस्यीय श्रीलंकाई दल भारत-नेपाल की बौद्ध धार्मिक यात्रा पर निकला हुआ है। यह दल भोपाल, सांची, कौशांबी, वाराणसी, गया, कुशीनगर, वैशाली और लुंबनी की यात्रा कर चुका था और इसके बाद श्रावस्ती दर्शन के लिए आ रहा था।
सहयात्रियों के मुताबिक, यात्रा में अभी छह दिन शेष थे। दल को 22 अगस्त को दिल्ली से श्रीलंका लौटना था।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः Shravasti News: दहेज उत्पीड़न का गंभीर आरोप, ससुरालियों पर मुकदमा दर्ज; बच्चे की मौत का भी दावा, पुलिस जांच में जुटी
