Anganwadi Workers : आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए बड़ी खुशखबरी! बढ़ेगा मानदेय, सुपरवाइजर बनने का मौका; पेंशन पर भी बड़ा अपडेट

Amrit Vichar Network
On

सेवानिवृत्ति की एकमुश्त राशि बढ़ाने की तैयारी

उत्तराखंड सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी पर प्रयास कर रही है। मंत्री रेखा आर्या ने बाजपुर में कहा कि जल्द अच्छी खबर मिल सकती है। सरकार सुपरवाइजर पद पर पदोन्नति, सेवानिवृत्ति राशि में बढ़ोतरी और पेंशन योजना पर भी काम कर रही है।

बाजपुर, अमृत विचार। उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा है कि प्रदेश सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने संकेत दिया कि कार्यकर्ताओं को जल्द ही इस संबंध में बड़ी खुशखबरी मिल सकती है। मंत्री बाजपुर के श्रीराम जानकी मंडप में आयोजित उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के 12वें प्रदेश अधिवेशन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं।

मानदेय बढ़ाने पर सरकार कर रही मंथन

मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता महिला एवं बाल विकास योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। सरकार उनके आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के लंबे समय से चले आ रहे मानदेय बढ़ाने के मुद्दे पर सरकार गंभीरता से प्रयासरत है। जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक निर्णय की उम्मीद है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बनाया जाएगा सुपरवाइजर

मंत्री ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की लंबे समय से चली आ रही पदोन्नति की मांग को देखते हुए सरकार ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत पात्र आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पदोन्नति के माध्यम से सुपरवाइजर बनाए जाने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे अनुभवी कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और विभागीय जिम्मेदारियों में भी उनकी भूमिका मजबूत होगी।

सेवानिवृत्ति की एकमुश्त राशि बढ़ाने की तैयारी

रेखा आर्या ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सेवानिवृत्ति के समय मिलने वाली एकमुश्त धनराशि में भी बढ़ोतरी की जा रही है। इसके अलावा सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए पेंशन योजना लागू करने पर भी गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में पेंशन को लेकर अंतिम निर्णय लिए जाने की संभावना है।

अधिवेशन में रखीं विभिन्न मांगें

अधिवेशन के दौरान संघ के प्रतिनिधियों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को मंत्री के सामने रखा। रेखा आर्या ने सभी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ की अखिल भारतीय मंत्री अंजलि पटेल, क्षेत्र संगठन मंत्री अनुपम, प्रदेश अध्यक्ष उमेश जोशी, महामंत्री सुमित सिंघल, राज्य मंत्री मनजीत सिंह, भगवती बिष्ट, रेणु खोलिया समेत संघ के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:-Census 2027 : जाति से आधार-बैंक खाते तक पूछे जाएंगे 40 सवाल, लिस्ट नहीं होने पर कांग्रेस ने घेरा केंद्र

 

संबंधित समाचार