Raebareli News : पत्नी से Video कॉल पर बोला- नहर में कूद रहा हूं... दो दिन बाद मिला शव, जानें पूरा मामला

Amrit Vichar Network
On

एसडीआरएफ ने दो दिन बाद बरामद किया शव

रायबरेली में पारिवारिक विवाद से परेशान युवक ने वीडियो कॉल कर परिजनों को नहर में कूदने की बात बताई और शारदा सहायक नहर में छलांग लगा दी। एसडीआरएफ ने दो दिन बाद भदोखर क्षेत्र में उसका शव बरामद किया।

अमावां/रायबरेली, अमृत विचार। मिल एरिया थाना क्षेत्र के जैतूपुर स्थित शारदा सहायक नहर में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने छलांग लगा दी। युवक ने नहर में कूदने से पहले वीडियो कॉल कर परिजनों को इसकी जानकारी दी और मोबाइल व चप्पल नहर किनारे रखकर पानी में छलांग लगा दी। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने दो दिन तक तलाश के बाद रविवार दोपहर करीब दो बजे शव बरामद कर लिया।

पत्नी से विवाद के बाद घर से निकला था युवक

शहर कोतवाली क्षेत्र के घसियारी मंडी निवासी रोहित सोनी का पत्नी से अक्सर विवाद होता था। परिजनों के मुताबिक दोनों करीब पांच साल तक अलग-अलग रहने के बाद दोबारा साथ रहने लगे थे। इसके बाद दोनों बस्तेपुर में किराये के मकान में रहने लगे, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। बताया गया कि कुछ दिन पहले विवाद बढ़ने पर पत्नी ने पुलिस को बुलाया था। पुलिस ने दोनों के बीच समझौता कराकर मामला शांत करा दिया था।

3

वीडियो कॉल कर नहर में कूदने की बात बताई

शुक्रवार शाम करीब छह बजे रोहित घर से घूमने की बात कहकर निकला था। इसके बाद वह जैतूपुर स्थित शारदा सहायक नहर के किनारे पहुंचा। वहां से उसने वीडियो कॉल कर परिजनों को नहर में कूदने की बात बताई। इसके बाद रोहित ने अपना मोबाइल और चप्पल नहर किनारे रखे और पानी में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

एसडीआरएफ ने दो दिन बाद बरामद किया शव

सूचना मिलने पर मिल एरिया पुलिस ने युवक की तलाश शुरू कराई। रविवार सुबह लखनऊ से एसडीआरएफ की टीम पहुंची और गोताखोरों की मदद से नहर में तलाशी अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद रविवार दोपहर करीब दो बजे युवक का शव जैतूपुर से आगे भदोखर थाना क्षेत्र के बेहटापुल के पास बरामद किया गया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

संबंधित समाचार