Raebareli News : 10 लाख की उधारी मांगना पड़ा भारी! दबंगों ने प्रधानाध्यापक को घर में घुसकर पीटा

Amrit Vichar Network
On

जमीन खरीदने के नाम पर आरटीजीएस से दिए थे 10 लाख रुपये

रायबरेली के ऊंचाहार में जमीन खरीदने के लिए उधार दिए गए 10 लाख रुपये वापस मांगने पर उच्च प्राथमिक विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक से मारपीट का आरोप लगा है। पीड़ित ने दो रिश्तेदारों पर घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है।

रायबरेली, अमृत विचार। ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र में उधारी के 10 लाख रुपये मांगने पर दबंगों द्वारा उच्च प्राथमिक विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक से मारपीट कर घायल करने का मामला सामने आया है। घायल प्रधानाध्यापक को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत ऊंचाहार कोतवाली में की है।

रोहनिया ब्लाक के डेलौली स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में इंचार्ज प्रधानाध्यापक राजेन्द्र कुमार सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि सवैया मीरा पोस्ट सवैया हसन निवासी रघुराज सिंह और सुनील सिंह पुत्रगण स्वरभान सिंह ने वर्ष 2025 में जमीन खरीदने के लिए उनसे 10 लाख रुपये उधार मांगे थे। आरोप है कि उनके कहने पर उन्होंने 5 दिसंबर 2025 को आरटीजीएस के माध्यम से एक फर्म के खाते में 10 लाख रुपये भेजे थे। 

घर पहुंचकर मारपीट का आरोप

पीड़ित के मुताबिक, रकम वापस मांगने पर आरोपी हर बार एक-दो महीने में पैसा देने का आश्वासन देकर टालते रहे। करीब आठ महीने बीतने के बाद 14 अगस्त की रात फोन पर रुपये मांगने पर कथित तौर पर आरोपी ने बकाया होने से इनकार कर दिया। दोनों के बीच काफी देर तक बहस हुई। आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपी घर पहुंच गए और परिजनों के साथ घर में घुसकर मारपीट की। दोबारा रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। बताया जा रहा है कि पीड़ित और आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं। ऊंचाहार कोतवाली इंचार्ज सुमित श्योरान का कहना है कि मामला संज्ञान में नही है, जांच कराई जाएगी।

यह भी पढ़ें:-वर्दी में पैर दबाने का VIDEO वायरल, दो होमगार्ड सस्पेंड; SDM आवास से जुड़ा बताया जा रहा था मामला

संबंधित समाचार