Bareilly News : हर-हर महादेव के उद्घोष के बीच नाथ मंदिरों में जलाभिषेक के लिए उमड़ा शिवभक्तों का जनसैलाब
बरेली के सातों नाथ मंदिर-बनखंडीनाथ मंदिर, पशुपतिनाथ मंदिर, बाबा अलखनाथ मंदिर, त्रिवटीनाथ मंदिर, धोपेश्वरनाथ मंदिर, मढ़ीनाथ मंदिर और तपेश्वरनाथ मंदिर में हजारों शिवभक्त जलाभिषेक करने पहुंचे हैं। मंदिर परिसर के बाहर लंबी कतारे हैं और शांति के साथ शिवभक्त जलाभिषेक के लिए खड़े हैं।
अमृत विचार : नाथ नगरी शिव भक्ति में डूबी है। हर-हर महादेव, बम-बम भोले के जयकारे गूंज रहे हैं। जलाभिषेक के लिए भोर से ही नाथ मंदिरों में लंबी कतारें लगी हैं। कांवड़िए के जत्थे अभी गंगाजल लेकर पहुंच रहे हैं। शिव भक्तों के दबाव से कांवड़ वाले मार्गों पर बार-बार जाम के हालात बन रहे हैं। भक्तिमय वातावरण के बीच चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है। ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने के लिए शहर में कई सड़कों पर कट बंद किए गए हैं।
बरेली में कछला गंगा घाट और हरिद्वार से कांवड़ियों के जत्थे पहुंच रहे हैं। अधिकांश कांवड़िए कछल गंगा घाट से आते हैं। इसलिए बदायूं मार्ग से लेकर बरेली शहर तक पूरी सड़क पर भक्ति का नजारा आम है।
उधर, बनखंडीनाथ मंदिर, पशुपतिनाथ मंदिर, बाबा अलखनाथ मंदिर, त्रिवटीनाथ मंदिर, धोपेश्वरनाथ मंदिर, मढ़ीनाथ मंदिर और तपेश्वरनाथ मंदिर में हजारों शिवभक्त जलाभिषेक करने पहुंचे हैं। मंदिर परिसर के बाहर लंबी कतारे हैं और शांति के साथ शिवभक्त जलाभिषेक के लिए खड़े हैं।
चप्पे-चप्पे पर फोर्स
कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन ने चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स का पहरा लगा रखा है। अधिकारी खुद भी तैनात हैं। ट्रैफिक व्यवस्था पर पैनी नजर है। कांवड़ियों को किसी भी तरह की कोई समस्या नहीं आए, यह सुनिश्चित कराने के लिहाज से व्यवस्था की गई है।
कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा
गंगा जल लेकर पहुंचे कांवड़ियों का जगह-जगह स्वागत किया जा रहा है। कई जगह उन पर पुष्प वर्षा की गई। खाने-पीने और आराम की व्यवस्था की गई है। कई सामाजिक संगठन और संस्थाओं के लोगों ने कांवड़ियों पर फूलों की बारिश के साथ उनका स्वागत किया।
इसे भी पढ़ें-कांवड़ यात्रा ‘समरसता का महापर्व’, CM योगी ने प्रदेशवासियों से की खास अपील
