श्रावस्ती में सड़कों का हाल बेहाल: गड्ढों में तब्दील गिलौला-बिलरवा और भिनगा-परसा मार्ग, ग्रामीण परेशान
बारिश में सड़क या गड्ढा पहचानना मुश्किल, हजारों लोगों की आवाजाही प्रभावित; मरम्मत के इंतजार में लाइफ लाइन मार्ग
श्रावस्ती, अमृत विचार: जिले में गड्ढामुक्त मार्ग का हाल जानना है तो आइए भिनगा जमुनहा बाया परसा या गिलौला विलरवा मार्ग पर। यहां बरसात में पता ही नहीं रहता कि मार्ग में गड्ढा है या गड्ढे में मार्ग। सड़क जलभराव के कारण नाला बंजी है या नाले में सड़क।
यह है गिलौला-बिलरवा मार्ग, इसे क्षेत्र की लाइफ लाइन कहा जाता है। हजारों की संख्या में लोगों व वाहनों का नियमित इस मार्ग पर आना जाना रहता है। गिलौला के राजपुर-बिलरवा मार्ग पर गौरव वर्मा पीईजी गोदाम के पास सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे व गहरी खाई बनी है। करीब सात किमी लंबे मार्ग से प्रतिदिन लोगों का आवागमन होता है। स्कूली बच्चे भी इसी रास्ते से गुजरते हैं।


स्थानीय लोगों के मुताबिक करीब दो माह से सड़क की हालत खराब है। शिकायतों के बावजूद मरम्मत नहीं हुई। इससे भी खराब हालत भिनगा परसा मार्ग की है। इस मार्ग पर चौपहिया या दो पहिया वाहन तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल है।
विधायक, एमएलसी सहित सांसद भी कई बार इसके जीर्णोद्धार का कागजी दावा कर चुके है, लेकिन हालत में सुधार न होने से मल्हीपुर थाना क्षेत्र सहित जमुनहा तहसील व विकास क्षेत्र को लोग जिला मुख्यालय आने के लिए बैरियर चौराहा भंगहा तिलकपुर मार्ग का सहारा लेने को विवश है। वही जिम्मेदार अधिकारी बजट न होने, प्रस्ताव भेजे जाने की बात कहकर जिम्मेदारी से मुक्ति ले रहे है।
यह भी पढ़ेंः सीतापुर में पुलिस मुठभेड़: चेन स्नेचिंग के दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल, गिरफ्तार
