Hardoi News : डाक कांवड़ यात्रा के दौरान 15 वर्षीय कांवड़िया अचेत मिला, पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया
मेंहदीघाट से गंगाजल लेकर निकला था कांवड़ियों का जत्था
सावन की डाक कांवड़ यात्रा के दौरान सोमवार सुबह बिलग्राम क्षेत्र में एक 15 वर्षीय कांवड़िया संदिग्ध परिस्थितियों में घायल और अचेत अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिलग्राम में भर्ती कराया।
बिलग्राम (हरदोई)। यूपी के हरदोई जिले में सावन की डाक कांवड़ यात्रा के दौरान सोमवार सुबह एक 15 वर्षीय कांवड़िया कन्नौज मार्ग पर संदिग्ध परिस्थितियों में घायल और अचेत अवस्था में मिला, जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पुलिस पहुंची और उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिलग्राम में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार होने पर घर भेज दिया गया। घायल की पहचान बिमलेश पुत्र बाबू मौर्य, निवासी वार्ड संख्या-10, थाना कछौना क्षेत्र के रूप में हुई।
बताया गया कि वह रविवार शाम करीब छह बजे लगभग 25 कांवड़ियों के जत्थे के साथ कन्नौज के मेंहदीघाट गंगा तट से गंगाजल लेकर बालामऊ स्थित शिव मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए निकला था। सोमवार सुबह करीब सात बजे वह बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के कन्नौज मार्ग पर अचेत अवस्था में मिला।
घटना कैसे हुई, किसी को नहीं जानकारी
घटना की सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। घायल के चाचा गया प्रसाद ने बताया कि बिमलेश अन्य कांवड़ियों के साथ यात्रा पर था, लेकिन वह घायल कैसे हुआ, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य बताई। वहीं पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने और पूरे मामले की जांच में जुटी है।
