बांकीपुर उपचुनाव : 15वें राउंड तक प्रशांत किशोर 8,202 वोटों से आगे, जन सुराज कार्यालय में जश्न शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

भाजपा दूसरे और राजद तीसरे स्थान पर

बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के 15वें राउंड तक जन सुराज के प्रशांत किशोर 29,752 वोटों के साथ 8,202 मतों से आगे हैं। भाजपा दूसरे और राजद तीसरे स्थान पर है।

पटना। बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना सोमवार को पटना के एएन कॉलेज परिसर में जारी है। 15वें राउंड की मतगणना तक जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने अपनी बढ़त बरकरार रखी है। हालांकि निर्वाचन आयोग की ओर से अंतिम परिणाम अभी घोषित नहीं किया गया है।

15वें राउंड तक क्या है स्थिति?

निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक, 15वें राउंड तक प्रशांत किशोर को 29,752 वोट मिले हैं। वह भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा से 8,202 मतों की बढ़त बनाए हुए हैं। नीरज कुमार सिन्हा को अब तक 21,550 वोट प्राप्त हुए हैं। वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता 6,755 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर हैं, जबकि राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के तनवीर आलम को अब तक 494 मत मिले हैं।

जन सुराज कार्यालय में शुरू हुआ जश्न

लगातार बढ़त मिलने के बाद पटना स्थित जन सुराज के प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर है। समर्थक एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर खुशी मना रहे हैं और संभावित जीत की अग्रिम बधाइयां दे रहे हैं। पार्टी कार्यालय में नारेबाजी का दौर भी जारी है।

भाजपा और जन सुराज के बीच सीधी टक्कर

अब तक के रुझानों में मुकाबला मुख्य रूप से जन सुराज और भाजपा के बीच सिमटता दिखाई दे रहा है। वहीं, राजद उम्मीदवार शुरुआती दौर से ही तीसरे स्थान पर बनी हुई हैं। हालांकि निर्वाचन अधिकारियों का कहना है कि अंतिम परिणाम सभी 31 राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद ही घोषित किया जाएगा।

31 राउंड में पूरी होगी मतगणना

मतगणना सोमवार सुबह 8 बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती हुई, जबकि सुबह 8:30 बजे से ईवीएम के मतों की गणना शुरू की गई। मतगणना के लिए 16 टेबल बनाई गई हैं और प्रत्येक टेबल पर तीन-तीन कर्मियों की तैनाती की गई है। ईवीएम के वोटों की गिनती कुल 31 राउंड में पूरी होगी।

30 जुलाई को हुआ था मतदान

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान हुआ था, जिसमें 34.30 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। चुनाव मैदान में भाजपा, जन सुराज और राजद समेत कुल 25 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

क्यों अहम है बांकीपुर सीट?

बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी। वर्ष 1995 से भाजपा के कब्जे वाली इस सीट पर इस बार का उपचुनाव राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। ऐसे में सभी दलों की नजर मतगणना के अंतिम नतीजों पर टिकी हुई है।

यह भी पढ़ें:-Bankipur Bypoll Result 2026 : 13वें राउंड के बाद भी प्रशांत किशोर की बढ़त बरकरार, दूसरे स्थान पर ‎भाजपा; दतिया में कांग्रेस के घनश्याम सिंह आगे, जानें ताजा मतगणना अपडेट

संबंधित समाचार