Pilibhit News : व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर मारा छापा, चार बाल श्रमिक कराए मुक्त
डीएम के निर्देश पर बाल श्रम उन्मूलन अभियान तेज, मुक्त कराए गए बच्चों को परिजनों को सौंपा
पीलीभीत के बीसलपुर में संयुक्त टीम ने बाल श्रम उन्मूलन अभियान के तहत छापेमारी कर होटलों और दुकानों से 4 बाल श्रमिकों को मुक्त कराया है।
बीसलपुर, अमृत विचार। डीएम के निर्देश पर सोमवार को बीसलपुर क्षेत्र में बाल श्रम उन्मूलन अभियान के तहत विशेष रेस्क्यू अभियान चलाया गया। संयुक्त टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर चार बाल श्रमिकों को मुक्त कराया। अभियान के दौरान मेडिकल स्टोर, मैकेनिक शॉप, होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, कपड़ा प्रतिष्ठान, किराना स्टोर और स्टील वर्क्स समेत कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी भूरेलाल के निर्देशन एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के सहयोग से संचालित अभियान में मुक्त कराए गए चारों बच्चों को वर्चुअल माध्यम से बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति ने बच्चों के अभिभावकों को भविष्य में बाल श्रम न कराने की हिदायत देते हुए उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी भूरेलाल ने बताया कि जिले में बाल श्रम के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। अभियान में चाइल्ड हेल्पलाइन परियोजना समन्वयक निर्वान सिंह, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह, काउंसलर अभिषेक शुक्ला, कांस्टेबल मनीष आदि टीम में शामिल रहे।
ये भी पढ़ें - Pilibhit News : सनातन धर्म पर टिप्पणी से आक्रोश, विहिप-बजरंग दल ने फूंका सांसद पप्पू यादव का पुतला
