Bahraich News: डीएम ने 1 ट्रिलियन डॉलर के लक्ष्य पर किया मंथन, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
बहराइच। उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के सरकार के महत्वाकांक्षी लक्ष्य को पूरा करने के लिए बहराइच में प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों की समीक्षा शुरू हो गई है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला ओटीडी (One Trillion Dollar) सेल की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने विभिन्न विभागों की प्रगति और भविष्य की कार्ययोजना की समीक्षा की। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के जून 2026 तक की उपलब्धियों, योजनाओं की प्रगति और आर्थिक विकास से जुड़े लक्ष्यों पर विभागवार चर्चा की गई।
स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में प्रत्येक जिले की अहम भूमिका है। उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से एक जनपद-एक उत्पाद (ODOP) योजना पर जोर देते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं और जिले की अर्थव्यवस्था को गति दी जा सकती है।
युवाओं और महिला उद्यमियों को जोड़ने के निर्देश
समीक्षा बैठक में ऋण वितरण, कौशल प्रशिक्षण, उद्यमिता विकास, उत्पादों की ब्रांडिंग, आधुनिक पैकेजिंग और बाजार विस्तार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। साथ ही युवाओं, महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया तेज की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागों को अपनी प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
2027 तक के लक्ष्यों की बनेगी कार्ययोजना
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता ने सभी विभागाध्यक्षों को अपने-अपने विभाग की दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने और वर्ष 2027 तक के लक्ष्यों का स्पष्ट निर्धारण करने को कहा। बैठक का संचालन जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी घासीराम ने किया। इस दौरान डीसी मनरेगा रवि शंकर पाण्डेय, जिला पूर्ति अधिकारी नगेन्द्र तिवारी, उप कृषि निदेशक विनय कुमार वर्मा, उपायुक्त उद्योग केशव राम, एलडीएम जितेन्द्र मंसद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़े :
Banda News : 59 पुलिसकर्मियों के तबादले, 16 निरीक्षक और उपनिरीक्षकों को नई जिम्मेदारी, बेहतर पुलिसिंग व्यवस्था में बदलाव
