Lausanne Diamond League 2026:लुसाने डायमंड लीग में फिर भाला लेकर उतरेंगे नीरज चोपड़ा, 21 अगस्त को होगा महामुकाबला
2026 सीजन में तीसरी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता खेलेंगे नीरज, लुसाने में रुमेश पथिराज समेत कई दिग्गजों से होगी टक्कर
नई दिल्ली/लुसाने: भारतीय स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा अब 21 अगस्त को लुसाने डायमंड लीग 2026 में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में हिस्सा लेंगे। आयोजकों ने उनकी भागीदारी की पुष्टि कर दी है। लुसाने में होने वाली एथलेटिसिमा प्रतियोगिता में नीरज की यह चौथी भागीदारी होगी। प्रतियोगिता के आधिकारिक कार्यक्रम में 21 अगस्त को पुरुषों की जैवलिन थ्रो स्पर्धा शामिल है।
लुसाने में नीरज का शानदार रिकॉर्ड
नीरज चोपड़ा ने 2022 में लुसाने डायमंड लीग में 89.08 मीटर के थ्रो के साथ खिताब जीता था। 2023 में उन्होंने 87.66 मीटर भाला फेंककर अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया। 2024 में नीरज ने 89.49 मीटर का थ्रो किया और दूसरे स्थान पर रहे।
अब 2026 में उनकी नजर एक बार फिर लुसाने में खिताब जीतने पर होगी।
रुमेश पथिराज से फिर होगी सीधी टक्कर
लुसाने में इस बार मुकाबला बेहद कड़ा होने की उम्मीद है। हाल ही में कॉमनवेल्थ गेम्स चैंपियन बने और वर्ल्ड लीडर रुमेश पथिराज नीरज के प्रमुख प्रतिद्वंद्वी होंगे। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पथिराज ने 89.75 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता था, जबकि नीरज 85.83 मीटर के सीजन-बेस्ट प्रदर्शन के साथ रजत पदक पर रहे।
इसके अलावा दो बार के विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स, पाकिस्तान के ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम, जर्मनी के थॉमस रोहलर और त्रिनिदाद एंड टोबैगो के केशोर्न वालकॉट जैसे बड़े नाम भी प्रतियोगिता में शामिल हैं।
2026 में नीरज का तीसरा बड़ा मुकाबला
चोट के कारण सीजन की शुरुआत में मैदान से दूर रहने के बाद नीरज ने वापसी की है। डायमंड लीग के आधिकारिक प्रोफाइल के अनुसार 2026 में दोहा में उनका सीजन-बेस्ट 85.69 मीटर है।
लुसाने डायमंड लीग उनके 2026 सीजन का तीसरा बड़ा अंतरराष्ट्रीय मुकाबला होगा। कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक के बाद उनकी नजर अब लुसाने में बेहतर प्रदर्शन पर होगी।
खिताबी सूखा खत्म करने का मौका
लुसाने नीरज के लिए सिर्फ एक और प्रतियोगिता नहीं होगी, बल्कि अंतरराष्ट्रीय खिताब के इंतजार को खत्म करने का मौका भी होगी। ऐसे में नीरज और रुमेश पथिराज की अगली भिड़ंत पर दुनिया भर के एथलेटिक्स प्रशंसकों की नजर रहेगी।
यह भी पढ़ेंः बैडमिंटन की स्कोरिंग बदलने से होगा बड़ा बदलाव! गोपीचंद बोले- कुछ खिलाड़ियों को फायदा, कुछ हो जाएंगे बाहर
