Barabanki News: देवा में झाड़-फूंक के नाम पर खंभे से बांधी गई विवाहिता की मौत, पति समेत कथित बाबा और सहयोगी गिरफ्तार
अमृत विचार, बाराबंकी। झाड़-फूंक के नाम पर एक विवाहिता को कई दिनों तक खंभे से बांधकर रखने और कथित इलाज के दौरान उसकी मौत हो जाने के मामले में देवा पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पति, कथित बाबा और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

सोमवार शाम लखनऊ के गोमतीनगर निवासी रूबी यादव (33) की तबीयत बिगड़ने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवा लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मानसिक बीमारी के उपचार के नाम पर उसे करीब दस दिनों से देवा में स्थित एक मजार पर, जो सूफी संत हाजी वारिस अली शाह की दरगाह से अलग और कुछ दूरी पर है, खंभे से बांधकर झाड़-फूंक कराई जा रही थी।
.jpg)
मृतका के पिता प्रमोद यादव, निवासी महमूदपुर, थाना अटरिया, जनपद सीतापुर ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उनकी बेटी के पति अंकित यादव (32) पुत्र दिनेश यादव, निवासी ग्वारी, गोमतीनगर (लखनऊ), कथित बाबा मुन्ना (71) पुत्र रफीक, निवासी मोहना सेठमऊ, थाना सतरिख तथा उसके सहयोगी कदीर अहमद (55) पुत्र अब्दुल खालिक, निवासी मोहल्ला शेख-1, देवा ने इलाज के नाम पर रूबी को कई दिनों तक खंभे से बांधकर रखा और झाड़-फूंक करते रहे। इसी दौरान उसकी हालत बिगड़ गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
तहरीर के आधार पर देवा कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। प्रभारी निरीक्षक आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत पर पति, कथित बाबा और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
