Ballia News: छात्रा से अश्लील हरकत के आरोप में सरकारी शिक्षक निलंबित, विभागीय जांच के आदेश

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

जांच में गंभीर आरोप सही मिलने पर शिक्षा विभाग की कार्रवाई, अभिभावकों के प्रदर्शन के बाद शिक्षक पर गिरी गाज

बलिया के सरकारी स्कूल में छात्रा से कथित अश्लील हरकत के आरोप में शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। जांच के बाद विभागीय कार्रवाई शुरू हुई, जबकि अभिभावकों ने विरोध प्रदर्शन भी किया।

बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक सरकारी स्कूल के शिक्षक पर कक्षा छह की छात्रा से कथित अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगा है। मामले की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद शिक्षा विभाग ने आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं। जानकारी के अनुसार, पकड़ी थाना क्षेत्र के डंकीगंज गांव स्थित उच्चतर प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षक अक्षय कुमार यादव (50) पर आरोप है कि वह पिछले कुछ दिनों से छात्रा को स्कूल की स्मार्ट क्लास में ले जाकर उसके साथ कथित तौर पर अश्लील हरकत करता था।

जांच में सामने आए गंभीर आरोप

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी की जांच रिपोर्ट के आधार पर शिक्षक को निलंबित किया गया है। जांच के दौरान छात्रों ने बताया कि आरोपी विरोध करने पर छात्रा का नाम स्कूल से काटने की धमकी भी देता था। रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि जब स्कूल के अन्य शिक्षकों ने आरोपी की हरकतों का विरोध किया तो वह उनसे भी विवाद करता था। इसके बाद प्रभारी प्रधानाध्यापक, अन्य शिक्षकों और अभिभावकों ने उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

अभिभावकों का प्रदर्शन, सड़क जाम

घटना से नाराज ग्रामीणों और अभिभावकों ने मंगलवार को विद्यालय के बाहर नगरा-सिकंदरपुर मार्ग जाम कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

विभाग ने दिए जांच के आदेश

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के अनुसार, छात्राओं की सुरक्षा, गरिमा और विद्यालय के शैक्षणिक माहौल को ध्यान में रखते हुए आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही पूरे मामले में विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

ये भी पढ़ें : 
Barabanki News: स्कूल में सर्पदंश से छात्र की मौत का मामला: परिजनों का प्रदर्शन, लापरवाही के आरोपों की जांच शुरू

संबंधित समाचार