सहारनपुर शिव हत्याकांडः शव रखकर हाइवे किया जाम तो पुलिस ने भरसाईं लाठियां, लोगों ने किया पथराव; कई घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

शिवा हत्याकांड के विरोध में परिजनों और स्थानीय लोगों ने सहारनपुर-मुजफ्फरनगर मार्ग पर प्रदर्शन किया। पुलिस के बल प्रयोग और प्रदर्शनकारियों की ओर से पथराव के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए।

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में युवक शिवा की हत्या के बाद मंगलवार को विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया। पोस्टमार्टम के बाद शव देवबंद पहुंचने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे जाम कर दिया। इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ गया। पुलिस के बल प्रयोग और प्रदर्शनकारियों की ओर से पथराव के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

शव रखकर किया हाईवे जाम

मंगलवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शिवा का शव देवबंद पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोग शव को लेकर साईं धाम मंदिर के पास पहुंचे और सड़क पर बैरिकेड जैसी व्यवस्था करने के लिए बल्लियां और बांस रखकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया। महिलाओं सहित बड़ी संख्या में लोग सड़क पर बैठ गए और हत्या के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।

प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि हत्या के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। घटनास्थल पर भीड़ लगातार बढ़ती गई, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया गया। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

करीब दो घंटे तक चला गतिरोध

स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। बाद में एसएसपी अभिनंदन भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन समाप्त कराने के लिए लोगों से बातचीत की। इस दौरान पुलिस कई बार सड़क पर रखी गई बल्लियों और अवरोधों को हटाती रही, जबकि प्रदर्शनकारी उन्हें दोबारा सड़क पर रख देते थे।

लाठीचार्ज और पथराव के बाद बढ़ा तनाव

शाम के समय पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए बल प्रयोग किया। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर ईंट-पत्थर फेंके जाने की भी सूचना है।

इस घटनाक्रम में कई लोग घायल हुए। परिजनों का आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई में महिलाओं सहित कई लोगों को चोटें आईं। वहीं, हंगामे के बीच परिजनों को शव सड़क से हटाना पड़ा।

पूर्व विधायक ने परिवार से की मुलाकात

घटना के बाद पूर्व विधायक शशीबाला पुंडीर मृतक शिवा के घर पहुंचीं। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही अधिकारियों से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग भी की।

एसएसपी ने क्या कहा?

एसएसपी अभिनंदन ने कहा कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को काफी देर तक समझाने की कोशिश की, लेकिन वे सड़क खाली करने के लिए तैयार नहीं हुए। उनके अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर ईंट-पत्थर फेंके, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सीमित बल प्रयोग किया गया।

यह भी पढ़ेंः बरेली प्रधान हत्याकांड: नव निर्वाचित प्रधान इशहाक की हत्या में 5 दोषियों को उम्रकैद, कोर्ट ने लगाया 3.90 लाख का जुर्माना

संबंधित समाचार