Kanpur News: रक्षा बंधन से पहले कानपुर को मिलेगी 300 इलेक्ट्रिक बसों की सौगात, शहर में बढ़ेगी ई-बस सेवा

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

प्रदेश के 18 शहरों के लिए 1725 ई-बसों की योजना, चार्जिंग स्टेशन तैयार करने का काम तेज

कानपुर। रक्षा बंधन से पहले कानपुर शहर को इलेक्ट्रिक बसों की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। उत्तर प्रदेश सरकार ने कानपुर के लिए 300 नई ई-बसों के आवंटन को मंजूरी दे दी है। इससे शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं वाली एसी इलेक्ट्रिक बसों की सुविधा मिल सकेगी। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) के अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में कानपुर में करीब 90 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं। नई 300 बसों के आने के बाद शहर में ई-बसों की संख्या में काफी बढ़ोतरी होगी, जिससे यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सकेगी।

18 शहरों में भेजी जाएंगी 1725 इलेक्ट्रिक बसें

प्रदेश सरकार ने राज्य के 18 प्रमुख शहरों में कुल 1725 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराने की योजना बनाई है। इसी योजना के तहत कानपुर को 300 ई-बसें मिलेंगी। अधिकारियों के मुताबिक, रक्षा बंधन के अवसर पर महिलाओं के लिए परिवहन बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा रहती है, ऐसे में नई ई-बसों के संचालन से यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

चार्जिंग स्टेशन की व्यवस्था में जुटा प्रशासन

बड़ी संख्या में ई-बसों के संचालन के लिए चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। परिवहन विभाग ने चार्जिंग प्वाइंट की कमी को दूर करने के लिए कई स्थानों पर काम शुरू कर दिया है। शहीद मेजर सलमान खान अंतर्राज्यीय झकरकटी बस अड्डे पर चार्जिंग प्वाइंट बनाने के लिए सर्वे किया जा चुका है। बस अड्डे के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक पंकज तिवारी के अनुसार, परिसर के पिछले हिस्से में चार्जिंग स्टेशन के लिए जमीन चिन्हित की गई है। इसके अलावा चकेरी विमान नगर स्थित ई-बस डिपो में कई चार्जिंग प्वाइंट तैयार हैं, जबकि फजलगंज सिटी बस डिपो में भी चार्जिंग प्वाइंट का संचालन शुरू हो चुका है।

इन प्रमुख मार्गों पर दौड़ेंगी ई-बसें

नई इलेक्ट्रिक बसों को शहर के प्रमुख मार्गों पर संचालित करने की तैयारी है। इनमें प्रमुख रूट शामिल हैं;

रामादेवी-भौंती-अकबरपुर-माती

अहिरवां-चिड़ियाघर-बिठूर

नौबस्ता-यशोदानगर

श्यामनगर-सेंट्रल-बड़ा चौराहा-संजीवनगर-रामादेवी

मंधना-बर्रा-8-विजयनगर-आईआईटी

रामादेवी-जाजमऊ-सर्किट हाउस-फूलबाग-बड़ा चौराहा-एयरपोर्ट

कल्याणपुर-आईआईटी

घाटमपुर-नौबस्ता-यशोदानगर-टाटमिल-बड़ा चौराहा

ये भी पढ़ें : 
सहारनपुर मीट प्लांट में अमोनिया गैस रिसाव की उच्चस्तरीय जांच शुरू, 14 महिला श्रमिक हुई थीं प्रभावित

संबंधित समाचार