Moradabad News : एकता विहार कॉलोनी में शराब की दुकान बंद कराने के लिए सड़क पर उतरी महिलाएं, घंटों किया हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

आरोप लगाया दुकान के बाहर शराब पीने वाले महिला व युवतियों से करते हैं छेड़छाड़

मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र स्थित एकता विहार में शराब की दुकान बंद कराने को लेकर महिलाओं ने प्रदर्शन किया। महिलाओं का आरोप है कि दुकान के बाहर शराब पीने वाले युवतियों से छेड़छाड़ करते हैं। आबकारी विभाग ने ठेले हटवा कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र की मंडी समिति स्थित एकता विहार कॉलोनी में मंगलवार को महिलाओं ने शराब की दुकान बंद कराने के लिए सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किया। आबकारी विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन करने के अलावा हंगामा किया। महिलाओं ने घनी आबादी के बीच संचालित शराब की दुकान को लेकर विरोध जताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। महिलाओं का आरोप था कि कॉलोनी के बीचों-बीच शराब की दुकान खोलने से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। दुकान पर आने वाले कई लोग शराब खरीदने के बाद आसपास ही बैठकर पीते हैं।

महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि शराब के नशे में धुत कुछ लोग राह चलती महिलाओं और युवतियों के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ करते हैं। जिससे परिवारों में भय और असुरक्षा का माहौल है। महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि दुकान के बाहर ही लोगों को शराब पिलाई जाती है, जिसके कारण अक्सर वहां भीड़ लगी रहती है। इससे बच्चों और महिलाओं के आने-जाने में भी दिक्कत होती है। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने आबकारी विभाग और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दुकान को तत्काल हटाने की मांग की। स्थानीय लोगों के अनुसार शराब की दुकान का लाइसेंस नलिनी अरोड़ा के नाम से है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दुकान को आबादी क्षेत्र से नहीं हटाया गया तो वह बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगी। उन्होंने जिला प्रशासन और आबकारी विभाग से मामले का संज्ञान लेकर क्षेत्रवासियों की समस्या का समाधान करने की मांग की है।

जिला आबकारी अधिकारी रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि लाइनपार एकता विहार में संचालित दुकान के विरोध में कुछ महिलाएं पहले भी बंद कराने की मांग कर रही थी। मंगलवार को भी सुबह से महिला दुकान के बाहर खड़े होकर दुकान बंद कराने के लिए प्रदर्शन कर रहीं थीं। वहां संचालित दुकान नियमों के अनुसार खोली गई है। दुकानों के बाहर लगने ठेलों पर खड़े होकर शराब पीने वालों से लोगों को परेशानी थी जिसके चलते उसे हटा दिया गया। अब दुकान के बाहर शराब अब नहीं पी जाएगी।

ये भी पढ़ें - Moradabad News : भरभराकर गिरी प्राचीन काली माता मंदिर की दीवार, जान बचाकर भागे लोग, बिजली गुल

संबंधित समाचार