Shravasti News: श्रावस्ती में बकरी चराने गए दो मासूम गजरी नाले में डूबे, दोनों की मौत
श्रावस्ती, अमृत विचार। जिले के सिरसिया थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। मदारगढ़ गांव के दो मासूम बच्चे बकरी चराने के दौरान गजरी नाले में आई अचानक बाढ़ की चपेट में आ गए। तेज बहाव में दोनों बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
अचानक बढ़ा नाले का जलस्तर
जानकारी के अनुसार, सिरसिया थाना क्षेत्र के मदारगढ़ गांव निवासी मुख्तार (8) पुत्र अनीश अली और शहरे आलम (7) पुत्र शमशेर अली मंगलवार को गांव के अन्य बच्चों के साथ बकरी चराने गए थे। इसी दौरान जिले और नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में हुई तेज बारिश के कारण तालबघौड़ा से भचकाही जाने वाले मार्ग पर स्थित गजरी नाले में अचानक पानी का बहाव तेज हो गया। देखते ही देखते नाले में आई बाढ़ की चपेट में दोनों बच्चे आ गए और डूब गए।
ग्रामीणों ने की तलाश
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी देर तक बच्चों की तलाश करते रहे। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शव नाले से बाहर निकाले गए। सूचना मिलने पर सिरसिया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने सौंपे शव
थानाध्यक्ष सौरभ सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों का पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है।
परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
एक साथ दो मासूम बच्चों की मौत से दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में पहाड़ी नालों का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है, जिससे ऐसे हादसों का खतरा बना रहता है।
